दीर अल बलाह (गाजा पट्टी) : इजराइल-हमास जंग के 49 दिन बाद हमास ने बंधक बनाए गए थाईलैंड के 12 नागरिकों को छोड़ दिया है। थाईलैंड के प्रधानमंत्री श्रेथा थाविसिन ने इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि हमास ने हमारे 12 नागरिकों को छोड़ दिया है। एंबेसी के अधिकारी उन्हें लेने जा रहे हैं। थाईलैंड सरकार के मुताबिक उसके 26 नागरिकों को हमास ने बंधक बनाया था। इस बीच टाइम्स ऑफ इजरायल के मुताबिक, हमास ने 13 इजरायली बंधकों को भी छोड़ दिया है।

यानी हमास ने अब तक कुल 25 बंधकों को छोड़ा है। ये सभी बंधक मिस्र के राफा बॉर्डर पर पहुंच गए हैं। इन्हें गाजा से मिस्र के रास्ते इजरायल के हत्जेरिम  एयरबेस लाया जाएगा। इजरायल ने बंधकों को वापस लाए जाने वाले इस ऑपरेशन को हैवन्स डोर नाम दिया है।  इसके पहले सिर्फ 13 इजराइली बंधकों को छोड़ने की बात कही जा रही थी। न्यूयॉर्क टाइम्स के मुताबिक 4 दिन के सीजफायर के दौरान 150 फिलिस्तीनी कैदियों के बदले कुल 50 बंधकों को छोड़ने पर सहमति बनी है।

इधर,  इजरायल और हमास के बीच समझौते के तहत चार दिवसीय युद्ध विराम शुक्रवार को सुबह प्रभावी हो गया और इसी के साथ इजराइल में कैद फलस्तीनियों और गाजा में उग्रवादियों द्वारा बंधक बनाए गए दर्जनों लोगों की अदला-बदली का मंच तैयार हो गया है।