नई दिल्ली: राजस्थान की 199 सीटों पर शनिवार को मतदान खत्म हो गया। सुबह रफ्तार कम रही, लेकिन बाद में मतदान के आंकड़े बढ़ते रहे। इस बार राज्य में बंपर वोटिंग हुई है। इस खबर में आपको बता रहे हैं कि इसके मायने क्या हैं? राजस्थान में बम्पर वोटिंग के संकेत मिल रहे हैं। राज्य में शाम पांच बजे तक 68.24 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर लिया था। उम्मीद जताई जा रही है कि इस बार 2018 से ज्यादा मतदाता वोट डालेंगे। बढ़े हुए मतदान के कई मायने निकाले जा रहे हैं। बीते पांच चुनावों का ट्रेंड देखें तो भाजपा इन्हें अपने पक्ष में बता रही है। वहीं, रिवाज बदलने की बात कर रही कांग्रेस इस मिथ को भी तोड़ने की उम्मीद जता रही है। हालांकि, तस्वीर 3 दिसंबर को स्पष्ट होगी, जब चुनाव नतीजे आएंगे। आइए जानते हैं कि बीते 25 साल में कैसे अलग-अलग चुनाव में मतदान बढ़ा और घटा और कब किसकी सत्ता आई।

2013 के मुकाबले 2018 में घटा मतदान, सत्ता में कांग्रेस की वापसी : राजस्थान विधानसभा के लिए 7 दिसंबर 2018 को मतदान हुआ। परिणाम 11 दिसंबर 2018 को आए। अलवर की रामगढ़ सीट छोड़कर बाकी 199 सीटों पर मतदान हुआ। रामगढ़ सीट पर बसपा के प्रत्याशी लक्ष्मण सिंह के निधन के कारण चुनाव स्थगित हो गया था। इस चुनाव में कांग्रेस ने भाजपा को पटखनी देते हुए 99 सीटें जीतीं। वहीं भाजपा को 73, मायावती की पार्टी बसपा को छह तो अन्य को 20 सीटें मिलीं। पिछली बार के मत प्रतिशत के आंकड़े देखें तो राज्य में 74.06प्रतिशत लोगों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। इनमें से पुरुषों की मतदान में भागीदारी 73.49प्रति. और महिलाओं की 74.67 प्रतिशत थी। पार्टीवार आंकड़े देखें तो 2018 में राज्य में सत्ता में लौटने वाली पार्टी कांग्रेस को 39.30 प्रति. लोगों ने वोट दिए थे। वहीं भाजपा के लिए राज्य के 38.77 प्रति. लोगों ने मतदान किया था। 2013 के मुकाबले वोट प्रतिशत में 0.8 फीसदी की कमी आई। राज्य में कांग्रेस ने सत्ता में वापसी की। पिछली चुनाव में जिलेवार मतदान के आंकड़े देखें तो जैसलमेर सबसे आगे था। जैसलमेर में 85.28 प्रतिशत लोगों ने वोट किया था। इसके बाद हनुमानगढ़ में 83.32 प्रति. और बांसवाड़ा में 83.01प्रति. वोटिंग दर्ज की गई थी। वहीं, सबसे कम मतदान वाले जिले देखें तो पाली में महज 65.35प्रति. वोटिंग हुई थी। इसके बाद सवाई माधोपुर में 68.05प्रति. और सिरोही में 68.74प्रति. मतदान हुआ था। 

2013 में कैसा था मतदान का ट्रेंड? : 13 दिसंबर 2013 को राजस्थान में विधानसभा चुनाव कराया गया था। हालांकि, चूरू विधानसभा क्षेत्र में बसपा उम्मीदवार जगदीश मेघवाल के निधन के बाद वहां चुनाव स्थगित कर दिया गया था। इस चुनाव में प्रदेशभर में 75.04 प्रति. लोगों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया था। 2008 में हुए मतदान के मुकाबले वोट प्रतिशत में 8.79 फीसदी का इजाफा हुआ। इनमें से पुरुषों का मतदान में योगदान 75.44 प्रति. और महिलाओं का 74.67प्रति. था। जब चुनाव के नतीजे आए तो अकेले 163 सीटें भाजपा के खाते में गई थीं। इस तरह से पूरे राज्य में पार्टी के लिए मतदान 45.17प्रति. हुआ था। दूसरी ओर, विपक्षी कांग्रेस को महज 21 सीटें ही मिल सकी थीं। देश की सबसे पुरानी पार्टी के लिए यहां 33.07प्रति. लोगों ने वोट किए थे। इसके बाद 3.37प्रति. वोट शेयर के साथ मायावती की पार्टी बसपा ने तीन सीटें जीती थीं। बाकी 10 सीटों पर निर्दलीय और अन्य उम्मीदवार विजयी हुए थे।

2008 में मतदान के बाद क्या नतीजे रहे? : 4 दिसंबर 2008 को राजस्थान में विधानसभा चुनाव कराया गया था। परिणाम 8 दिसंबर 2008 को घोषित हुए थे। इस चुनाव में कांग्रेस ने भाजपा को सत्ता से बेदखल करते हुए 96 सीटें जीती थीं। वहीं, भाजपा को 78, मायावती की पार्टी बसपा को छह तो अन्य को 20 सीटें मिलीं। इस चुनाव में मत प्रतिशत के आंकड़ों पर गौर करें तो प्रदेश में 66.25प्रति. लोगों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया था। 2003 के मुकाबले 2008 के चुनाव में वोटिंग प्रतिशत 0.93 प्रतिशत कम रहा। 2008 में पुरुषों की मतदान में भागीदारी 67.10प्रति. और महिलाओं की 65.31प्रति. थी। पार्टीवार आंकड़े देखें तो कांग्रेस के पक्ष में 36.82प्रति. लोगों ने वोट दिए थे। वहीं, भाजपा के लिए 34.27प्रति. लोगों ने मतदान किया था।

2003 में 3.79 फीसदी बढ़ा वोट प्रतिशत, सत्ता में आई भाजपा : 1998 में 63.39प्रति. फीसदी मतदान हुआ था। पांच साल बाद 2003 में मतदान प्रतिशत में  67.18प्रति. मतदान हुआ। मतदान प्रतिशत में 3.79 फीसदी का इजाफा हुआ। राज्य में भाजपा की सरकार बनी। भाजपा की सीटों की संख्या 33 से बढ़कर 120 हो गई। वहीं, कांग्रेस की सीटें 153 से घटकर 56 रह गईं। 2003 में भाजपा को 39.85 फीसदी और कांग्रेस को 35.65 प्रतिशत वोट मिले। पांच साल तक सस्ता में रही कांग्रेस के वोट प्रतिशत में 5.1प्रति. की कमी हुई। वहीं, भाजपा के वोट शेयर में 5.97 फीसदी का इजाफा हुआ। 

किस चुनाव में हुआ था सबसे ज्यादा मतदान? : राजस्थान में अब तक हुए चुनाव में सबसे अधिक मतदान 1967 में हुआ था। इस चुनाव में राज्य के 87.93 प्रतिशत मतदाताओं ने वोट डाले थे। 1967 के चुनाव नतीजों की बात करें तो उस चुनाव में  कांग्रेस को सबसे ज्यादा 89 सीटें मिलीं थीं। भारतीय जनसंघ को 22 सीटों पर सफलता मिली। स्वतंत्र पार्टी 48 सीटें जीतने में सफल रही थी। राजस्थान के चुनाव इतिहास में सबसे कम मतदान 1951 में हुआ था। उस चुनाव में राज्य के 35.19 प्रतिशत मतदाताओं ने वोट डाला था। तब कांग्रेस ने सबसे ज्यादा 82 सीटें जीती थीं।