पूर्वांचल प्रहरी कार्यालय संवाददाता तिनसुकिया : दो दिवसीय तिनसुकिया जिले तथा ऊपरी असम के दौरे पर पहुंचे राज्य के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्वशर्मा ने दौरे के दूसरे दिन आज शनिवार को माकुम सुकानपुखुरी में नवनिर्मित तिनसुकिया मेडिकल कॉलेज का जायजा लिया। उन्होंने मेडिकल कॉलेज के नवीनतम कार्यों का भी निरीक्षण किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री हिमंत विश्वशर्मा ने तिनसुकिया मेडिकल कॉलेज अस्पताल के जून 2024 से चालू होने की संभावित संभावनाओं के बारे में संकेत दिया। मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि राज्य सरकार पहले ही इस संबंध में नेशनल मेडिकल काउंसिल (एनएमसी) से मान्यता के लिए अपील कर चुकी है। अगले तीन से चार दिनों के अंदर 85 डॉक्टरों की यहां भर्ती की जाएगी। इस शैक्षणिक वर्ष में तिनसुकिया मेडिकल कॉलेज में सौ छात्रों के एडमिशन की भी योजना है। एनएमसी की एक टीम के अगले साल जनवरी या फरवरी में निरीक्षण के लिए तिनसुकिया मेडिकल कॉलेज आने की संभावना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर सब कुछ ठीक रहा तो मुझे विश्वास है कि हम जून 2024 से शुरू होने वाले नए शैक्षणिक वर्ष में मेडिकल कॉलेज खोलने में सक्षम होंगे।

इससे पहले, राज्य सरकार मेडिकल कॉलेज अस्पताल में आउट पेशेंट विभाग (ओपीडी) और इनपेशेंट विभाग (आईपीडी) सेवाओं की शुरुआत करेगी। मुख्यमंत्री के साथ राज्य के स्वास्थ्य मंत्री केशव महंत, श्रम मंत्री संजय किसान, सदिया के विधायक बलिन चेतिया, चबुवा के विधायक पुनाकन बरुवा, दुमदुमा के विधायक रूपेश ग्वाला, अतिरिक्त अधीक्षक डॉ. मृदुल गोगोई और तिनसुकिया स्वास्थ्य सेवा के संयुक्त निदेशक डॉ. जयंत भट्टाचार्जी, जिला आयुक्त स्वप्निल पॉल के अलावा जिला स्तर के अन्य शीर्ष अधिकारी मौजूद थे। मालूम हो कि राज्य में चिकित्सा और स्वास्थ्य सेवा को बढ़ावा देने के लिए असम सरकार ने तिनसुकिया जिले के माकुम में एक मेडिकल कॉलेज और अस्पताल बनाने का निर्णय लिया था। संबंधित बुनियादी ढांचे के साथ तिनसुकिया मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के निर्माण के लिए एक परियोजना को असम इंफ्रास्ट्रक्चर फाइनेंसिंग अथॉरिटी से वित्त पोषण के लिए मंजूरी दे दी थी। जिसकी अनुमानित परियोजना लागत 614.93 करोड़ रुपए थी। इस परियोजना को जून 2018 में मंजूरी दे दी गई थी और जो अब जनता के लिए खोलने के लिए तैयार है। मालूम हो कि प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल का निर्माण 38.50 एकड़ भूमि पर किया गया है।