भोपाल/नई दिल्ली: मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव के परिणाम में भारतीय जनता पार्टी को प्रचंड बहुमत मिला है। भाजपा ने जितनी सीटें जीती हैं उससे साफ है कि जनता ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के काम और उनकी सरकार की योजनाओं पर भरोसा जताया है। हालांकि कांग्रेस ने भी हुंकार भरते हुए 11 गारंटी देने का वादा किया था जो कि परिणाम आने के बाद फेल हो गया। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के परिणाम से साफ है कि भाजपा को विजयश्री दिलाने में शिवराज सरकार की लाडली बहना योजना गेमचेंजर बनी। महिलाओं ने इस बार बढ़-चढ़कर मतदान किया था। 2,71,99,586 महिला मतदाताओं में से 76.03 प्रतिशत ने मतदान किया, जो 2018 के मुकाबले दो प्रतिशत अधिक है। मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना में एक करोड़, 31 लाख महिलाएं लाड़ली बहनों को लाभ मिल रहा है। लाड़ली बहना और प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना की हितग्राहियों को 450 रुपये में रसोई गैस सिलेंडर भी दिया जा रहा है। इसे महिला मतदान बढ़ाने में बड़ा कारण माना गया।

प्रदेश में भाजपा की सरकार बनाने में हमेशा महिला मतदाताओं की बड़ी भूमिका रही है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सत्ता में आने के बाद पहले मुख्यमंत्री लाड़ली लक्ष्मी योजना लागू की, जिससे उनकी छवि मामा की बनी। सामूहिक विवाह योजना लागू करके शिवराज सरकार ने गरीब परिवारों को आर्थिक तौर पर संबल दिया। इससे आगे बढ़ते हुए 28 जनवरी, 2023 को मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना लागू करने की घोषणा की गई, जिसमें एक हजार रुपये प्रतिमाह दिए जाने का वादा किया। मई से राशि बहनों के खातों में आने लगी। रक्षाबंधन के पहले महिलाओं के खातों में राशि जमा की गई। इसे बढ़ाकर 1250 रुपये किया गया और यह वादा भी किया गया कि इसे धीरे-धीरे बढ़ाकर तीन हजार रुपये तक ले जाया जाएगा। विधानसभा चुनाव के परिणाम ने साफ कर दिया कि मध्य प्रदेश की जनता ने कांग्रेस की गारंटियों पर विश्वास नहीं किया। कांग्रेस की रणनीतिक कमजोरी भी उस पर भारी पड़ी।