गुवाहाटी  : अल्फा (स्वतंत्र) की धमकी के बाद  महानगर पुलिस ने गुवाहाटी के काहिलीपाड़ा और उलुबाड़ी में डीजीपी के आवास और कार्यालय पर सुरक्षा कड़ी कर दी है। गौरतलब है कि अल्फा (स्वतंत्र)और असम पुलिस के बीच जुबानी जंग के बीच शहर की पुलिस अलर्ट पर है। काहिलीपाड़ा और उलुबारी में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और अतिरिक्त पुलिस और सीआरपीएफ जवानों को तैनात किया गया है। यहां उल्लेखनीय है कि अल्फा (स्वतंत्र) ने असम के पुलिस महानिदेशक जीपी सिंह की चुनौती को स्वीकार करते हुए जवाब में अपनी प्रतिक्रिया दी है।

15 दिसंबर को असम के पुलिस महानिदेशक जीपी सिंह ने काजीरंगा में एक संवाददाता सम्मेलन में अल्फा (स्वतंत्र) को खुली चुनौती दी थी। जीपी सिंह ने कहा था कि अल्फा (स्वतंत्र) को आम नागरिकों की बजाए उन्हें निशाना बनाना चाहिए। जीपी सिंह की इस चुनौती के बाद शनिवार सुबह अल्फा (स्वतंत्र) ने उसे स्वीकार करते हुए एक प्रेस बयान भेजा। अल्फा (स्वतंत्र) ने असम के पुलिस महानिदेशक  जीपी सिंह को चुनौती दी और कहा कि वह दो शर्तों पर डीजीपी की खुली चुनौती स्वीकार करेगी।

पहला यह कि डीजीपी सिंह को अपनी सुरक्षा के लिए स्वदेशी असमिया पुलिस के बदले गैर-स्वदेशी असमिया सीआरपीएफ और सेना के जवानों की भर्ती करनी चाहिए। दूसरे, बिना कोई मूल असमिया सुरक्षा जवानों के केवल एक सप्ताह के लिए गुवाहाटी में खुलेआम गश्त करें। अल्फा (स्वतंत्र) के प्रचार सचिव कैप्टन रुमेल असम ने एक बयान में कहा कि अल्फा (स्वतंत्र) ने पहले ही यह सुनिश्चित करने का संकल्प लिया है कि स्वदेशी असमिया पुलिसकर्मी अनावश्यक रूप से मारा न जाएं, इसलिए ये शर्त रखी गई है।