नई दिल्ली : विपक्षी सांसदों ने दोनों सदनों से 146 सदस्यों के निलंबन पर विरोध जताते हुए बृहस्पतिवार को संसद भवन से एक मार्च निकाला, जो विजय चौक पर संपन्न हुआ। राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की अगुवाई में विपक्षी सांसदों ने संसद भवन से विजय चौक तक पैदल मार्च किया। विपक्षी सांसदों ने एक बड़ा बैनर ले रखा था जिस पर ‘लोकतंत्र बचाओ’ लिखा था। खड़गे ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह संसद से जुड़े विषयों पर सदन के बाहर बोल रहे हैं जो विशेषाधिकार हनन का मामला बनता है। उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि निलंबन के खिलाफ हमारा प्रदर्शन है। सरकार और मोदी जी यह नहीं चाहते कि सदन चले। खड़गे ने कहा कि हम लोकसभा में, संसद की सुरक्षा में सेंध की घटना से जुड़ा विषय उठाना चाहते थे कि यह क्यों हुआ, कैसे हुआ और इसके लिए कौन जिम्मेदार है। हम चाहते थे कि सरकार सदन को इस बारे में बताए।
प्रधानमंत्री और गृह मंत्री दोनों सदन में नहीं आए। वे, सदन में जिन बातों को कहना है, उन्हें बाहर बोल रहे हैं। उन्होंने बताया कि निलंबन के मुद्दे को लेकर विपक्षी नेता शुक्रवार को जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन करेंगे। सदन में तख्तियां लहराने और नारे लगाने के आरोप में पिछले कुछ दिनों के भीतर 146 सांसदों को लोकसभा और राज्यसभा से निलंबित कर दिया गया है। विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) के सांसद 13 दिसंबर को संसद की सुरक्षा में हुई चूक की घटना को लेकर गृह मंत्री अमित शाह से बयान की मांग कर रहे हैं। वहीं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने भ्रष्टाचार और राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ के कथित अपमान के मुद्दों को लेकर बृहस्पतिवार को विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ पर निशाना साधा और कहा कि ‘शराब’ और दूसरों का अपमान करने की प्रवृत्ति इसके घटक दलों को एकजुट रखने के लिए ‘फेविकोल’ का काम करती है।
संसद से अपने सदस्यों के निलंबन के विरोध में विपक्षी दलों के मार्च निकालने के तुरंत बाद भाजपा ने ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंट इनक्लूसिव अलायंस’ यानी ‘इंडिया’ पर पलटवार किया। भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने विपक्षी गठबंधन पर निशाना साधने के लिए यहां पार्टी मुख्यालय में कथित आबकारी नीति घोटाले में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की कथित संलिप्तता और कांग्रेस सांसद धीरज प्रसाद साहू से जुड़ी कंपनियों से 350 करोड़ रुपए से अधिक की नकदी बरामद होने का जिक्र किया और साथ ही आम आदमी पार्टी के संयोजक पर पूछताछ के लिए प्रवर्तन निदेशालय के समन को नजरअंदाज कर जांच से भागने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि कोई शराब घोटाला करके भाग रहा है। कुछ ऐसे भी हैं जिन्होंने उपराष्ट्रपति धनखड़ का मजाक उड़ाया है। वे मार्च कर रहे हैं। इन पार्टियों को एक साथ रखने के लिए ये दो चीजें फेविकोल का काम कर रही हैं। पात्रा ने कांग्रेस और उसके सहयोगियों पर अतीत में भारत की परंपराओं और सनातन धर्म का अपमान करने का आरोप लगाया।