पूर्वांचल प्रहरी डेस्क संवाददाता गुवाहाटी : असम विधानसभा का बजट सत्र 5 फरवरी से शुरू होगा। 12 फरवरी में वित्त मंत्री अजंता नेउग द्वारा बजट पेश किए जाने की उम्मीद है। असम विधानसभा सचिवालय के एक उच्च स्तरीय सूत्र के अनुसार विधानसभा की कार्यमंत्रणा समिति तय करेगी कि 5 फरवरी से शुरू होने वाला बजट सत्र कितने दिनों तक चलेगा और कार्यदिन कितने होंगे।
उम्मीद है कि सोमवार को राज्यपाल की सहमति से आगामी बजट सत्र की अधिसूचना की औपचारिक घोषणा की जायेगी। राज्य कैबिनेट ने फरवरी से बजट सत्र आयोजित करने का निर्णय लिया था और कैबिनेट के निर्णय के अनुसार विधानसभा अध्यक्ष विश्वजीत दैमारी और विधानसभा सचिवालय ने बाकी काम जारी रखा।
यहां उल्लेखनीय है कि अल्फा द्वारा हस्ताक्षरित शांति समझौते के बाद इस बार विधानसभा में कई महत्वपूर्ण विधेयक पेश किए जाने की संभावना है। लोकसभा में स्मोक बम हमलों के मद्देनजर इस साल विधानसभा सत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी किए जाने की संभावना है। हालांकि पिछले साल के अंत में कोकराझार में विधानसभा का सत्र आयोजित करने की भी तैयारी की गई थी लेकिन राज्य कैबिनेट ने आखिरकार विधानसभा का बजट सत्र गुवाहाटी में आयोजित करने का फैसला किया।