पूर्वांचल प्रहरी संवाददाता गुवाहाटी: ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (एआईयूडीएफ) के प्रमुख बदरुद्दीन अजमल ने मुस्लिमों से अपील की है कि वे 20 से 26 जनवरी तक अपने घरों में रहें। इस दौरान ट्रेन, बस या कार से सफर न करें। दरअसल, 22 जनवरी को राम मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा होनी है। इसी को लेकर बदरुद्दीन ने ऐसा बयान दिया है। बदरुद्दीन असम के ग्वालपाड़ा जिले के कदमतल में एक मदरसे के शिलान्यास समारोह में गए थे। यहां उन्होंने कहा कि भाजपा हमारे धर्म की दुश्मन है। वह मुसलमानों से नफरत करती है और राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के दौरान हमारे खिलाफ कुछ भी करवा सकती है।

इस देश में मुस्लिम लंबे समय से तकलीफ से गुजर रहे हैं। बदरुद्दीन ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि नेशनल रजिस्टर ऑफ सिटिजन्स (एनआरसी) और डी-वोटर सिस्टम लागू करने वाली कांग्रेस ही थी, लेकिन मुस्लिम अक्सर कांग्रेस को वोट करने के बाद कांग्रेस की दी हुई लॉलीपॉप को भूल जाते हैं। एक दिन पहले अजमल ने कहा था कि देशभर के लोग राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा को देखने के लिए बड़ी संख्या में आएंगे, लेकिन पार्टी के लिए वोट नहीं करेंगे। राहुल गांधी नेहरू परिवार के बेटे हैं। जब वे कहीं जाते हैं, तो वहां भीड़ जुटती है। लोग उन्हें हीरो की तरह देखेंगे, लेकिन उन्हें वोट नहीं करेंगे। यह यात्रा काम नहीं करेगी।

वहीं बदरुद्दीन के बयान पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि भाजपा मुसलमानों से नफरत नहीं करती। हम सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के मंत्र को लेकर चल रहे हैं। भाजपा सभी धर्मों का सम्मान करती है। उन्होंने कहा कि अयोध्या मामले में मुस्लिम पक्ष की तरफ से केस दायर करने वाले इकबाल अंसारी को भी राम मंदिर के उद्घाटन में बुलाया गया है। वे प्रार्थना में भी हिस्सा लेंगे। बदरुद्दीन अजमल और असदुद्दीन ओवैसी जैसे लोग समाज में नफरत फैलाते हैं।