पूर्वांचल प्रहरी नगर संवाददाता जोरहाट : जोरहाट जिला क्रीड़ा संस्था के खेल मैदान में आज आयोजित कार्यक्रम के दौरान जोरहाट विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत विभिन्न पंचायतों के लाभार्थियोंके बीच राशन कार्ड का वितरण किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में हिस्सा लेते हुए राज्य के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कार्यभार लेने के बाद से ही आम जनता के विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है। भाजपा द्वारा लागू की गई सभी योजनाओं का उद्देश्य है कि समाज के हर वर्गों के लोगों को लाभ मिले। उन्होंने कहा कि कोविड के दौर में प्रधानमंत्री मोदी ने सौ करोड़ देशवासियों को नि:शुल्क चावल उपलब्ध करने के साथ इस महामारी से बचने के लिए नि:शुल्क वैक्सीन की व्यवस्था की थी। सीएम हिमंत ने कहा कि कोविड के समय उन्होंने भी राज्य के स्वास्थ्य मंत्री के रूप में विभिन्न जिलों का दौरा किया था। उस समय उन्हें यह जानने को मिला कि बहुत से परिवारों का राशन कार्ड न होने के कारण वे सरकारी सुविधाओं से वंचित हैं। तभी उन्होंने सोचा था कि कैसे इन लोगों को सरकारी सुविधाएं मिल सके।
अपने संबोधन में उन्होंने उल्लेख किया कि जोरहाट विधानसभा क्षेत्र में लगभग 1,74,651 परिवार को राशन कार्ड मिल चुका था, जहां 34,489 परिवारों के पास राशन कार्ड नहीं था। आज इन सभी परिवारों को कार्ड देने की व्यवस्था की गई ताकि उन्हें सरकारी सुविधाएं आसानी से मिल सके। उन्होंने कहा कि जोरहाट जिले में कुल 34 हजार से अधिक परिवारों को राशन कार्ड आज दिया जा रहा है। उन्होंने नए कार्ड धारकों को इन महीने की 31 तारीख के भीतर अपने हिस्से का चावल संग्रह करने का अनुरोध किया। अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने राशन कार्ड के जरिए चावल के साथ अन्य कई सुविधाएं ऐसे परिवारों को मिलने की बात कही। उन्होंने कहा कि राशन कार्ड धारकों को आयुष्मान भारत योजना के साथ उज्जवला योजना का लाभ भी मिलेगा। उन्होंने कहा कि कार्ड धारकों को धीरे-धीरे प्रधानमंत्री बीमा योजना और अरूणोदय योजना में शामिल करने का भी प्रयास किया जाएगा। वर्ष 2026 के पहले इन कामों को पूरा करने की इच्छा मुख्यमंत्री ने जाहिर की।
सीएम ने कहा कि राज्य में भाजपा के शासनकाल में परिवर्तन साफ दिख रहा है। उनका कहना था कि एक समय था, जब राशन कार्ड के लिए काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। लेकिन आज सरकार सहज व्यवस्था के जरिए सभी को राशन कार्ड प्रदान कर रही है। राज्य में लगभग एक लाख बेरोजगारों को सरकारी नौकरी दी गई है, यह कहते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बहुत जल्द 35 हजार पदों पर नई नियुक्ति की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि असम में अब नौकरी के लिए पैसे नहीं देने पड़ रहे हैं। बिना धांधली के अब एपीएससी की परीक्षा में उतीर्ण मेधावियों को नौकरी मिल रही है। उन्होंने कहा कि अब असम के लोगों को विश्वास हो गया है कि नौकरी के लिए पैसा नहीं, योग्यता चाहिए। साथ ही उन्होंने छात्र-छात्राओं के कौशल विकास पर जोर दिया। पूरे राज्य के साथ-साथ जोरहाट में भी विकास हो रही है, यह कहते हुए मुख्यमंत्री ने जोरहाट में क्रियान्वित विभिन्न योजनाओं के बारे में उल्लेख किया। विशेष रूप से होलोंगापार स्थित महावीर लाचित बरफुकन के समाधि स्थल का विकास, जोरहाट केंद्रीय कारागार में स्वतंत्रता सेनानी उद्यान, जोरहाट-माजुली पुल आदि के बारे में उल्लेख किया।
साथ ही उन्होंने जल्द ही शहर के चौक बाजार, पार्किंग प्लेस आदि का काम शुरू करने की बात कही। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज असम में विकास की गंगा बह रही है। कार्यक्रम के दौरान जोरहाट विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत 6,328 परिवारों को राशन कार्ड प्रदान किया गया। मुख्यमंत्री ने औपचारिक रूप से बीस लाभार्थियों को कार्ड प्रदान किया। कार्यक्रम में भाषण प्रदान करते हुए विधायक हितेंद्रनाथ गोस्वामी ने जोरहाट के विकास के लिए मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए योगदान को लेकर उनका आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में वित्त मंत्री अंजता नेउग, लोकसभा सांसद तपन कुमार गोगोई, राज्यसभा सांसद कामाख्या प्रसाद तासा, विधायक हितेंद्रनाथ गोस्वामी, भवेंद्रनाथ भराली, जिला परिषद के अध्यक्ष रंजन कुमार सैकिया, जोरहाट नगरपालिका की अध्यक्षा लखिमी खारघरिया, भाजपा जोरहाट जिला अध्यक्ष हेमंत कलिता, जिला प्रभारी पंकज बरबोरा, अगप जोरहाट जिला अध्यक्ष सौरभप्राण बोरा, जिला आयुक्त पुलक महंत सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।