डिजिटल डेस्क :  आंध्र प्रदेश में 29 अक्टूबर, 2023 को दो पैसेंजर ट्रेनों की टक्कर से 14 यात्रियों की मौत मामले में जांच रिपोर्ट आ गई है। जांच रिपोर्ट में ड्राइवर की बड़ी लपारवाही सामने आई है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शनिवार (2 मार्च) को बताया कि जो दो पैसेंजर ट्रेन आपस में टकराई थीं, उनमें से एक का ड्राइवर और उसका असिस्टेंट दोनों ही फोन पर क्रिकेट मैच देख रहे थे।

इस हादसे के बाद रेलवे सुरक्षा आयुक्त (सीआरएस) की ओर से जांच शुरू की गई थी। यह जांच रिपोर्ट अभी तक सार्वजनिक नहीं की गई है, लेकिन दुर्घटना के एक दिन बाद रेलवे की प्रारंभिक जांच में रायगड़ा पैसेंजर ट्रेन के चालक और सहायक चालक को टक्कर के लिए जिम्मेदार ठहराया गया था। अब इसमें क्रिकेट मैच देखने की बात सामने आई है।                                             

 रेलवे नए सुरक्षा उपायों पर काम कर रहा है। रेल मंत्री ने इसके बारे में बताते हुए आंध्र प्रदेश में हुए ट्रेन हादसे का जिक्र किया। एजेंसी के मुताबिक उन्होंने कहा कि यह हादसा इसलिए हुआ क्योंकि लोको पायलट और असिस्टेंट पायलट दोनों का ध्यान क्रिकेट मैच की वजह से भटक गया था। अब हम ऐसे सिस्टम इंस्टॉल कर रहे हैं, जो इस तरह के किसी भी ध्यान भटकाने वाली वजहों का पता लगा सकते हैं और सुनिश्चित कर सकते हैं कि पायलट और असिस्टेंट पायलट ट्रेन चलाने पर पूरा दिमाग लगा रहे हैं।