डिजिटल डेस्क : भारत की आर्थिक राजधानी मुंबई एशिया की अरबपतियों की राजधानी बन गई है। मुंबई ने पहली बार चीन की राजधानी बीजिंग को पीछे छोड़कर यह मुकाम हासिल किया है। 603 वर्ग किलोमीटर के एरिया वाले इस शहर में 92 अरबपति रहते हैं, जबकि बीजिंग के 16,000 वर्ग किलोमीटर में 91 अरबपति हैं।। ‘हुरुन रिसर्च की 2024 ग्लोबल रिच लिस्ट’ के मुताबिक, पिछले एक साल में मुंबई में 26 नए लोग बिलेनियर बने हैं, जबकि बीजिंग में इस दौरान 18 लोग इस लिस्ट से बाहर हुए हैं। चीन में 814 बिलेनियर रहते हैं, जबकि भारत में 271 बिलेनियर हैं। मुंबई अब ग्लोबली इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर पहुंच गया है। पहले नंबर पर न्यूयॉर्क हैं, यहां 119 बिलेनियर रहते हैं, जबकि लंदन दूसरे नंबर पर है, यहां 97 लोग अरबपति हैं। बिलेनियर उन लोगों को कहा जाता है जिनके पास 1 बिलियन डॉलर से ज्यादा (करीब 8,333 करोड़ रुपए) की संपत्ति है। रिपोर्ट के मुताबिक मुंबई के टोटल 92 लोगों की संपत्ति एक साल में 47% बढ़कर 445 बिलियन डॉलर (37.09 लाख करोड़ रुपए) हो गई है। वहीं, चीन की राजधानी में बिलेनियरों की वेल्थ 28% कम होकर 265 बिलियन डॉलर (22.08 लाख करोड़ रुपए) रह गई है। 

हुरून इंडिया के फाउंडर एवं चीफ रिसर्चर अनस रहमान जुनैद ने कहा कि मुंबई की तरक्की का ग्राफ तेजी से ऊपर जा रहा है। ग्लोबल रिच लिस्ट 2024 इस बात की पुष्टि करती है। भारत तेजी से दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी आर्थिक शक्ति बनने की ओर बढ़ रहा है। इस यात्रा में भारत के अरबपति भी अपना पूरा योगदान दे रहे हैं।