कोलकाता: पिछले पांच में से चार मैच में जीत हासिल कर आत्मविश्वास से भरी दिल्ली कैपिटल्स की टीम सोमवार को यहां होने वाले इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) की कमजोर गेंदबाजी का फायदा उठाकर तालिका में शीर्ष चार में पहुंचने की कोशिश करेगी। ऋषभ पंत की अगुआई वाली टीम धीरे-धीरे अपनी कमियों में सुधार करके अब मजबूत टीम की तरह खेल रही है। वहीं गौतम गंभीर के मार्गदर्शन वाली टीम केकेआर को पिछले पांच मैच में से तीन में हार का मुंह देखना पड़ा है जिसके लिए उसकी गेंदबाजी जिम्मेदारी रही।

लुंगी एनगिडी की जगह शामिल किए गए ऑस्ट्रेलिया के जेक फ्रेसर मैकगुर्क शीर्ष क्रम में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से खुद को 'एक्स फैक्टर' साबित कर चुके हैं। 22 साल के इस 'पावर हिटर' ने अपने शानदार शॉट्स से पांच मैच में 237.50 के स्ट्राइक रेट से 247 रन बनाकर आईपीएल में तहलका मचा दिया है। जसप्रीत बुमराह जैसे गेंदबाज के खिलाफ आक्रामकता से रन जुटाना उनका कौशल दिखाता है। मैकगुर्क ने मुंबई इंडियंस के इस तेज गेंदबाज की पहली ही गेंद को छक्के के लिए भेजकर अपनी मानसिक मजबूती की झलक दिखायी जिससे बुमराह ने अपने पहले ही ओवर में 18 रन लुटा दिए।