बैंकॉक: भारत की स्टार जोड़ी सात्विक साइराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने पेरिस ओलंपिक की तैयारियां पुख्ता करते हुए चीन के लियू यि और चेन बो यांग को हराकर थाईलैंड ओपन सुपर 500 बैडमिंटन पुरुष युगल खिताब जीत लिया। पेरिस ओलंपिक की तैयारियां पुख्ता करते हुए दुनिया की तीसरे नंबर की जोड़ी ने 29वीं रैंकिंग वाली विरोधी टीम पर 21-15, 21-15 से जीत दर्ज की। एशियाई खेलों की चैंपियन जोड़ी का यह सत्र का दूसरा और कैरियर का नौवां बीडब्ल्यूएफ विश्व टूर खिताब है। उन्होंने मार्च में फ्रेंच ओपन सुपर 750 खिताब जीता था।
दोनों मलेशिया सुपर 1000 और इंडिया सुपर 750 में उपविजेता रहे थे। चिराग ने जीत के बाद कहा कि बैंकॉक हमारे लिए खास है। हमने 2019 में यहां पहली बार सुपर सीरिज और फिर थॉमस कप जीता था। सात्विक ने कहा कि उम्मीद है कि इस जीत के बाद आने वाले टूर्नामेंटों में भी हम लय कायम रखेंगे। पेरिस ओलंपिक के बारे में पूछने पर चिराग ने कहा कि हम ही नहीं सभी खिलाड़ी वहां पदक जीतने ही जाना चाहते हैं। उम्मीद है कि हम वहां भी अच्छा प्रदर्शन करेंगे। सात्विक और चिराग ऑल इंग्लैंड चैंपियनशिप में दूसरे दौर में हार गए थे। इसके बाद सात्विक की चोट के कारण एशियाई चैंपियनशिप नहीं खेल सके। थॉमस कप में भी वे अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए। वे एक भी गेम गंवाए बिना थाईलैंड ओपन फाइनल में पहुंचे थे। लियू और चेन ने भी फाइनल तक के सफर में शानदार प्रदर्शन किया था, लेकिन भारतीय जोड़ी के शानदार फॉर्म का उनके पास कोई जवाब नहीं था।