गढ़वा (झारखंड) : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को झारखंड में सत्तारूढ़ गठबंधन पर तुष्टिकरण की नीति को चरम पर पहुंचाने का आरोप लगाया और उन्हें ‘घुसपैठिया समर्थक’ और ‘माफिया का गुलाम’ करार देते हुए कहा कि अगर उनकी यही ‘कुनीति’ जारी रही तो राज्य में आदिवासी समाज का दायरा सिकुड़ जाएगा। यहां एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने भ्रष्टाचार और परिवारवाद के मुद्दे पर भी झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो), कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के गठबंधन को घेरा और दावा किया कि आज झारखंड में हर तरफ ‘रोटी-बेटी-माटी की पुकार, झारखंड में भाजपा-राजग की सरकार’ की ही गूंज है। उन्होंने कहा कि झामुमो-कांग्रेस-राजद ने तुष्टिकरण की नीति को चरम पर पहुंचा दिया है। ये तीनों दल सामाजिक ताना-बाना तोड़ने पर आमादा हैं। ये तीनों दल घुसपैठिया समर्थक हैं। बांग्लादेशी घुसपैठियों के वोट पाने के लिए ये उन्हें पूरे झारखंड में बसा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब स्कूलों में सरस्वती वंदना तक पर रोक लगने लगे तो पता चलता है कि खतरा कितना बड़ा है। जब तीज त्योहारों में पत्थरबाजी होने लगे, माता दुर्गा को भी रोक दिया जाए, जब कर्फ्यू लगने लगे तो पता चलता है कि स्थिति कितनी खतरनाक है। राज्य में विधानसभा चुनाव की घोषणा के बाद प्रधानमंत्री की यह पहली चुनावी रैली थी, जिसमें उन्होंने आदिवासी अस्मिता का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि जब बेटियों के साथ शादी के नाम पर छल-कपट होने लगे तो पता चलता है कि पानी सिर के ऊपर से गुजरने लगा है। जब घुसपैठ का मामला अदालत में जाए और प्रशासन इससे इंकार करे तो पता चलता है कि सरकारी तंत्र में ही घुसपैठ हो चुकी है। उन्होंने कहा कि ये (घुसपैठिये) आपकी रोटी भी छीन रहे हैं, ये आपकी बेटी भी छीन रहे हैं और ये आपकी माटी को भी हड़प रहे हैं। अगर झामुमो-कांग्रेस-राजद की यही कुनीति जारी रही तो झारखंड में आदिवासी समाज का दायरा सिकुड़ जाएगा। घुसपैठियों को आदिवासी समाज और देश की सुरक्षा के लिए ‘बड़ा खतरा’ करार देते हुए प्रधानमंत्री ने सत्ताधारी गठबंधन को ‘घुसपैठिया गठबंधन’ और ‘माफिया का गुलाम’ करार दिया और मतदाताओं से अपने वोट से इन्हें उखाड़ फेंकने का आह्वान किया। उन्होंने जनता से कहा कि आपका एक-एक वोट झारखंड की रोटी, बेटी और माटी को बचाएगा। भ्रष्टाचार के मुद्दे पर सत्तारूढ़ गठबंधन पर प्रहार करते हुए मोदी ने कहा कि मुख्यमंत्री हो, मंत्री हो, विधायक हो या फिर सांसद हो... ऐसा कोई बचा नहीं जिन पर पिछले पांच सालों में भ्रष्टाचार के संगीन आरोप नहीं हैं।
झारखंड में झामुमोनीत गठबंधन घुसपैठिया समर्थक : प्रधानमंत्री