खरसावां/रांची (झारखंड): असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्वशर्मा ने शुक्रवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेतृत्व वाले गठबंधन पर वोट बैंक की राजनीति के लिए घुसपैठ को संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए चेतावनी दी कि अगर इसे रोका नहीं गया तो 20 साल में झारखंड में हिंदुओं और आदिवासियों के लिए कोई जगह नहीं होगी। झारखंड में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के चुनाव सह-प्रभारी शर्मा ने सरायकेला-खरसावां जिले के खरसावां में एक रैली के दौरान यह टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि जहां हिंदू और आदिवासी आबादी तेजी से घट रही है, वहीं मुस्लिम आबादी बढ़ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि बांग्लादेश से मौजूदा गति से घुसपैठ जारी रही तो 20 साल बाद झारखंड में आदिवासियों और हिंदुओं के लिए कोई जगह नहीं होगी। शर्मा ने दावा किया कि संथाल परगना में हिंदुओं और आदिवासियों की कुल आबादी 90 फीसदी थी और अकेले आदिवासियों की संख्या 44 फीसदी थी, लेकिन वर्ष 2011 तक दोनों समुदायों की कुल आबादी इस क्षेत्र में घटकर 67 फीसदी रह गई और आदिवासियों की आबादी घटकर 28 फीसदी रह गई। उन्होंने दावा किया कि समान अवधि के दौरान मुस्लिम आबादी 10 फीसदी से बढ़कर 22 फीसदी पर पहुंच गई। उन्होंने कहा कि यह चुनाव झामुमो नीत गठबंधन की तानाशाही और प्रधानमंत्री मोदी के विकास मॉडल के बीच किसी एक का चयन करने के लिए है। दूसरी ओर असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने कांग्रेस पर वोट बैंक की राजनीति के लिए हिंदुओं को बांटने की कोशिश करने का शुक्रवार को आरोप लगाया और लोगों से ऐसे प्रयासों को विफल करने के लिए एकजुट रहने का आग्रह किया। शर्मा ने बांग्लादेशियों की घुसपैठ बढ़ने के मामलों पर भी चिंता जताई और सचेत किया कि अगर इस पर अंकुश नहीं लगाया गया तो यह समस्या राज्य की महिलाओं के लिए गंभीर खतरा बन जाएगी। झारखंड में भाजपा के चुनाव सह-प्रभारी शर्मा ने रांची में एक रैली के दौरान कहा कि कांग्रेस वोट बैंक की राजनीति के लिए हिंदुओं को बांटना चाहती है। एक रहोगे तो सुरक्षित रहोगे। उन्होंने आगाह किया कि यदि भाजपा सत्ता में नहीं आई तो घुसपैठिए घरों पर हमला करेंगे और पत्नियों, बहुओं और बेटियों के लिए गंभीर खतरा पैदा करेंगे। शर्मा ने कहा कि हम झारखंड को लूटने वाले आलमगीर आलम और इरफान अंसारी जैसे मंत्रियों को ठीक उसी तरह बाहर निकाल देंगे, जैसे हमने अयोध्या से बाबर को बाहर निकाला था। आलम करोड़ों रुपये के धन शोधन मामले में वर्तमान में जेल में हैं जबकि अंसारी को झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की भाभी एवं भाजपा उम्मीदवार के बारे में अपमानजनक टिप्पणी करने के लिए आलोचना का सामना करना पड़ रहा है। झारखंड में विधानसभा चुनाव 13 और 20 नवंबर को होंगे तथा मतगणना 23 नवंबर को होगी।
झारखंड में घुसपैठ जारी रही तो हिंदुओं और आदिवासियों के लिए कोई जगह नहीं होगी : हिमंत