पूर्वांचल प्रहरी संवाददाता बंगाईगांव : आपूर्ति मंत्री रंजीत दास पिछले लंबे समय से अपना विभाग छोड़कर दिसपुर के बजाए बंगाईगांव में डेरा डाले हुए हैं। इस बीच बाजार में आवश्यक वस्तुओं की कीमतें असामान्य रूप से बढ़ती ही जा रही है। ऐसी स्थिति में आपूर्ति मंत्री रंजीत दास बंगाईगांव विधानसभा क्षेत्र के उप चुनाव के एनडीए गठबंधन की उम्मीदवार तथा अगप की प्रत्याशी दीप्तिमयी चौधरी के लिए चुनाव प्रचार में जुटे हुए हैं। परिणामतः विभाग कीमतों में बढ़ोतरी पर नियंत्रण नहीं लगा पाया है और इसका शिकार गरीब आम लोग हो रहे हैं। आज जीएल पब्लिकेशंस के अखबारों में खबरें छपने के बाद राज्य भर में काफी प्रतिक्रिया है। वहीं, बंगाईगांव में आज मंत्री दास ने आज एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की। बंगाईगांव जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में पत्रकार प्रकाशित खबर पर मंत्री की टिप्पणी का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। पत्रकारों ने मंत्री से आसमान छूती सामग्री की कीमतों के मुद्दे के बारे में भी पूछा। हालांकि, मंत्री ने सवाल का जवाब देने से इनकार कर दिया। मंत्री का पलायनवादी रवैया आज बंगाईगांव मीडिया में विशेष चर्चा है। वहीं, संवाददाता सम्मेलन में मंत्री दास ने कहा कि फिलहाल असम के मूल निवासियों के लिए खतरा उत्पन्न हो रहा है। कांग्रेस पार्टी ने हमेशा राजनीतिक लाभ के लिए संदिग्ध विदेशी नागरिकों को पनाह दी है। इसलिए राज्य के मूल निवासियों के गांव अब संदिग्ध नागरिकों ने अपना कब्जा जमा लिया है। राज्य में संदिग्ध विदेशी नागरिकों की संख्या काफी है। इसलिए यदि कांग्रेस जीतती है तो हमें असम के विदेशियों के हाथों में जाने के लिए तैयार रहना होगा। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री महेंद्र मोहन चौधरी एक समय चेंगा विधानसभा क्षेत्र से जीते थे लेकिन अब चेंगा निर्वाचन क्षेत्र से किसी मूलनिवासी व्यक्ति का जीतना असंभव है।
महंगाई पर पूछे गए सवाल के जवाब देने से दूर रहे आपूर्ति मंत्री