पूर्वांचल प्रहरी डेस्क संवाददाता गुवाहाटी : राज्य की पांच विधानसभा सीटों सामागुड़ी, बिहाली, धोलाई, सिडली और बंगाईगांव के लिए आज बुधवार को उपचुनाव होंगे। मतदान सुबह 7 बजे से शुरू होगा और शाम 5 बजे तक चलेगा। मतदान कार्य के लिए नियुक्त अधिकारी व कर्मचारी मंगलवार को मतदान सामग्री लेकर मतदान केंद्रों के लिए रवाना हो चुके हैं। राज्य के पांच विधानसभा क्षेत्रों में होने वाले उपचुनाव में कुल 34 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। धोलाई विधानसभा क्षेत्र के लिए 8 उम्मीदवार, सिडली विधानसभा क्षेत्र के लिए 3 उम्मीदवार, बंगाईगांव विधानसभा क्षेत्र के लिए 8 उम्मीदवार, बिहाली विधानसभा क्षेत्र के लिए 4 उम्मीदवार और सामागुड़ी विधानसभा क्षेत्र के लिए 11 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं, इनमें से सामागुड़ी में रकिबुल हुसैन के बेटे तंजील हुसैन तथा राज्य भाजपा के महासचिव दिप्लुरंजन शर्मा, बिहाली में जयंत बोरा तथा दिगंत घटवार और बंगाईगांव में दीप्तिमयी चौधरी प्रमुख उम्मीदवार हैं। वस्तुतः यह उपचुनाव रकिबुल हुसैन और गौरव गोगोई के लिए अग्निपरीक्षा होगी। क्योंकि जहां सामागुड़ी में अपने बेटे तंजील हुसैन को जिताने के लिए रकिबुल हुसैन दिन-रात कड़ी मेहनत की, वहीं बिहाली में कांग्रेस उम्मीदवार जयंत बोरा की ओर से गौरव गोगोई जोरदार प्रचार किया। इसके समानांतर मुख्यमंत्री, मंत्री सहित राज्य भाजपा के लगभग हर दिग्गज नेता ने सामागुड़ी और बिहाली में डेरा डाला और अपनी पार्टी के उम्मीदवारों को जिताने के लिए कड़ी मेहनत की। बुधवार को मतदाता ईवीएम का बटन दबाकर सामागुड़ी, बिहाली के साथ धलाई, सिडली, बंगाईगांव पर किसका कब्जा होगा इसका फैसला करेंगे। मतदाता अपना आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक या डाकघर के फोटो युक्त पासबुक, ड्राइविंग लाइसेंस, फोटो संलग्न पेंशन विवरण, सरकारी पहचान पत्र आदि सहित कुल 12 पहचान पत्रों में से कोई भी लाकर मतदान कर सकते हैं। असम के मुख्य चुनाव अधिकारी ने कहा कि मतदान कुल 1078 मतदान केंद्र होंगे। इनमें से धलाई में 208, सिडली में 273, बंगाईगांव में 246, बिहाली में 154, सामागुड़ी में 197 मतदान केंद्र होंगे। पांच निर्वाचन क्षेत्रों में मतदाताओं की कुल संख्या 9,09,057 हैं। इनमें से धलाई (एससी) निर्वाचन क्षेत्र में 1,96,772, सिडली (एसटी) में 2,17,183, बंगाईगांव में 1,82,354, बिहाली में 1,32,300 और सामागुड़ी में 1,80,448 मतदाता हैं। कुल 2,617 सर्विस वोटर हैं, जिनमें से धलाई में 524, सिडली में 630, सामागुड़ी में 267, बंगाईगांव में 1054 और बिहाली में 142 हैं। कुल 4197 दिव्यांग मतदाता हैं, जिनमें से धलाई निर्वाचन क्षेत्र में 1125, सिडली में 1770, बंगाईगांव में 474, बिहाली में 149 और सामागुड़ी में 679 हैं। 85 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिक मतदाता की संख्या कुल 3788 हैं, जिनमें से धलाई में 683, सिडली में 1025, बंगाईगांव में 474, बिहाली में 488 और सामागुड़ी में 1118 हैं।