आपने देखा होगा कि पुराने जमाने के धनी लोग सोने-चांदी के बर्तनों का इस्तेमाल करते थे। चांदी के गिलास में पानी पीते थे। हालांकि आज भी कई लोग ऐसे हैं जो चांदी के गिलास में पानी पीना पसंद करते हैं। आम लोगों से लेकर सेलिब्रिटीज तक ये ट्रेंड फॉलो कर रहे हैं। उन्हीं में से एक हैं बॉलीवुड एक्ट्रेस कंगना रनौत। उन्होंने इसके फायदों के बारे में भी बताया है। आयुर्वेद की मानें तो चांदी के गिलास में पानी पीने की आदत आपकी ओवरऑल हेल्थ को काफी हद तक सुधार सकती है। यह न केवल पानी को शुद्ध करता है बल्कि शरीर की इम्युनिटी को भी बढ़ाता है। आधुनिक विज्ञान भी चांदी के एंटी-बैक्टीरियल गुणों को मानता है। आइए जानते हैं कि चांदी के गिलास में पानी पीने से क्या फायदे हो सकते हैं- कंगना का कहना है कि उनकी मां ने चांदी के गिलास में पानी पीने की सलाह दी है। उन्होंने बताया था कि ये चंद्रमा को शीतलता प्रदान करता है और पित्त की समस्या झेल रहे लोगों को इससे बेहद फायदे मिलते हैं। आपको बता दें कि आयुर्वेद में भी चांदी के गिलास में पानी पीने के कई फायदे बताए गए हैं।

इम्यून सिस्टम को बनाए मजबूत : चांदी में एंटी-बैक्टीरियल और एंटी-वायरल गुण पाए जाते हैं, जो शरीर को संक्रमण से बचाते हैं। नियमित रूप से चांदी के गिलास में पानी पीने से इम्यूनिटी मजबूत होती है और बीमारियों का खतरा कम हो जाता है।

पाचन को सुधारे : अगर आपको एसिडिटी, कब्ज या गैस की समस्या होती है, तो आपके लिए चांदी के गिलास में पानी पीना फायदेमंद हो सकता है। चांदी ठंडा का प्रतीक माना जाता है, जिससे यह पेट की गर्मी को शांत करता है। गैस की समस्या को कम करता है।

बॉडी टेंपरेचर रहता नॉर्मल : चांदी के गिलास में पानी पीने से शरीर का तापमान नॉर्मल रहता है। ज्यादा गुस्से में रहने वाले लोग या ज्यादा ब्लड प्रेशर वाले लोगों को चांदी के बर्तन में पानी पीने की सलाह दी जाती है।

मानसिक शांति और तनाव से राहत : आयुर्वेद के अनुसार, चांदी मन को शीतलता प्रदान करती है और मानसिक शांति देती है। अगर आप तनाव या चिंता से जूझ रहे हैं, तो चांदी के गिलास में पानी पीना शुरू कर दें। इससे आपको राहत मिल सकती है।

दिल को रखे सेहतमंद : चांदी में ऐसे गुण होते हैं जो ब्लड सर्कुलेशन को बेहतर बनाते हैं। साथ ही दिल से जुड़ी बीमारियों के खतरे को कम करते हैं। यह ब्लड प्रेशर को नियंत्रित करने में भी सहायक हो सकती है।