गुवाहाटी : केंद्रीय मंत्री सर्वानंद सोनोवाल ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाल के पंजाब दौरे के दौरान सुरक्षा में चूक को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा और कहा कि वह लोकतंत्र के प्रति न्यूनतम सम्मान भी नहीं रखती। सोनोवाल ने उपरोक्त आशय की बातें आज यहां महानगर स्थिति ब्रह्मपुत्र अतिथिशाला में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में कही। मौके पर उपस्थित पत्रकारों से गुफ्तगू करते हुए सोनोवाल ने कहा कि कांग्रेस की ओर से रची गई साजिश से मोदी की लोकप्रियता प्रभावित नहीं होगी,जो एक वैश्विक नेता हैं। उल्लेखनीय है कि फिरोजपुर में बुधवार को मोदी की सुरक्षा में बड़ी चूक हुई थी जब प्रदर्शनकारियों द्वारा मार्ग बाधित करने के चलते प्रधानमंत्री का काफिला फ्लाईओवर पर फंस गया था, जिसके बाद वह एक रैली सहित पहले से तय कार्यक्रमों में शामिल हुए बिना ही पंजाब से वापस लौट आए थे। केंद्रीय नौवहन, बंदरगाह और जलमार्ग मंत्री सोनोवाल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस राजनीति के निचले स्तर तक गिर गई और भारत के लोगों ने सर्वसम्मति से इसकी निंदा की है। पार्टी ने लोकतंत्र के प्रति न्यूनतम सम्मान भी नहीं दिखाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस चाहे जो भी साजिश रचे, मोदी न केवल भारत के बल्कि दुनिया के पसंदीदा नेता हैं। कोई भी ऐसे महान नेता की लोकप्रियता को प्रभावित नहीं कर सकता है। पार्टी को यह जानना चाहिए। दूसरी ओर उन्होंने 2022 में हल्दिया तक ब्रह्मपुत्र के ऊपर मालवाहक जहाज के आवागमन की उम्मीद जताई। उन्होंने कहा कि इसके साथ ही जल मार्ग को सुगम व सहज बनाने के लिए असम और बांग्लादेश में पहले से ही ड्रेजिंग चल रही है। तेजपुर विश्विद्यालय, आईआईटी गुवाहाटी और आईआईएम शिलांग ड्रेजिंग का बेहतर उपयोग करने के लिए तकनीकी सहयोग प्रदान करेंगे। साथ ही मिजोरम, त्रिपुरा और असम को म्यामां में सिटवे बंदरगाह और बांग्लादेश में मोगोला और चटगांव बंदरगाहों से जोड़ा जाएगा। मंत्रालय की ओर से नदी के महत्वपूर्ण मोड़ पर ड्रेजिंग का काम पहले ही शुरू कर दिया गया है। बांग्लादेश सरकार व भारत सरकार के समर्थन से बांग्लादेश के रास्ते सादिया से हल्दिया तक 2000 किलोमीटर लंबे जलमार्ग को सुगम बनाने के लिए जमुना नदी पर भी काम चल रहा है। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दृष्टिकोण को साझा करते हुए उन्होंने कहा कि वे पूर्वोत्तर को अष्टलक्ष्मी तथा देश के विकास का इंजन मानते हैं। इस कारण इस इसके विकास के लिए हर सभव प्रयार कर रहे है। उन्होंने कहा कि पूर्वोत्तर क्षेत्र भारत की आर्थिक समृद्धि को पुनर्जीवित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
पीएम की सुरक्षा में चूक पर बोले सोनोवाल कांग्रेस का लोकतंत्र के प्रति न्यूनतम सम्मान भी नही