इंफाल : मणिपुर में चुनाव की तैयारियों में लगी राजनीतिक पार्टियों में टिकटों की जंग शुरू हो गई है। टिकटों की जंग शुरू हो इससे पहले ही भाजपा पार्टी ने गठबंधन को दरकिनार कर अकेले विधानसभा चुनाव-2022 लड़ने के संकेत दिए हैं। केंद्रीय मंत्री प्रतिमा भौमिक ने संकेत दिए कि भगवा पार्टी (भाजपा) इस बार अपने दम पर चुनाव लड़ने को इच्छुक है। हालांकि भौमिक समान विचारधारा वाले दलों के साथ चुनाव पूर्व गठबंधन को पूरी तरह से खारिज नहीं किया। बता दें कि सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा),जिसने 2017 में पहली बार मणिपुर में दो राजनीतिक दलों के साथ गठबंधन और निर्दलीय विधायकों की ओर से समर्थित सत्ता हासिल की थी। केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री भौमिक ने कहा कि इस बार अपने सुशासन और बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर अपने दम पर बहुमत हासिल करेगी। त्रिपुरा के एक भाजपा नेता भौमिक ने कहा कि हमारे केंद्रीय नेता जल्द ही मणिपुर चुनावों के लिए पार्टी के उम्मीदवारों की घोषणा करेंगे। मणिपुर में पार्टी के नेता और कार्यकर्ता आगामी चुनावों में भाजपा की जीत सुनिश्चित करने के लिए हर तरह से सक्रिय हैं। दूसरी ओर मेघालय के मुख्यमंत्री कोनराड के.संगमा के नेतृत्व वाली एनपीपी ने पहले ही इस बार अपने दम पर चुनाव लड़ने की घोषणा कर दी है और कम से कम 40 सीटों पर उम्मीदवार उतारेगी। कॉनराड ने कहा कि एनपीपी एक राष्ट्रीय राजनीतिक दल, जिसका विभिन्न पूर्वोत्तर राज्यों में राजनीतिक आधार है, ने 2017 में नौ सीटों पर चुनाव लड़ा था और चार पर जीत हासिल की थी। दूसरी ओर भाजपा एक अन्य सहयोग दल नगा पीपुल्स फ्रंट को उम्मीद है कि भाजपा उसके साथ समझौता करेगी। एनपीएफ की मणिपुर राज्य इकाई के अध्यक्ष अवांगबो न्यूमई ने दावा किया कि भाजपा और एनपीएफ के बीच अच्छे संबंध हैं लेकिन दोनों दलों के बीच अभी तक चुनाव पूर्व गठबंधन को अंतिम रूप नहीं दिया गया। न्यूमाई ने कहा कि पार्टी को 40 संभावित उम्मीदवारों के आवेदन मिले हैं।
मणिपुर विस चुनाव-2022 : भाजपा ने अकेले चुनाव लड़ने का दिया संकेत