गुवाहाटी : असम सरकार के जल संसाधन मंत्री पीयूष हजारिका ने बृहस्पतिवार को धेमाजी और लखीमपुर जिले के कई अंचलों का दौरा कर जल संसाधन विभाग के तहत जारी बाढ़ एवं भूकटाव नियंत्रण संबंधी कई कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उल्लेखनीय है कि मंत्री ने आज सुबह सांसद प्रदान बरुवा, विधायक भुवन पेगु और विभागीय अधिकारियों के साथ धेमाजी जिले के जोनाई क्षेत्र के ऐरामघाट इलाके में पहुंचकर वहां ब्रह्मपुत्र के भू-कटावरोधी सुरक्षा कार्य और पार्क्यूपाइन बांध का परिदर्शन कर तेजी कार्य को संपन्न करने के लिए विभागीय अधिकारियों और अभियंताओं को निर्देश दिया। मंत्री ने उम्मीद जताई कि इस कार्य के संपन्न होने से यह अंचल बाढ़ और भूकटाव के प्रकोप से बचेगा। मालूम हो कि मंत्री ने बेढ़ाचापोरी अंचल का भी दौरा किया और एसओपीडी.जी योजना के अंतर्गत लगभग 7 करोड़ रुपए की लागत से निर्माणाधीन तटबंध निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ली। साथ ही उसे शीघ्र ही संपन्न करने का निर्देश दिया। विभागीय मंत्री ने जोनाई क्षेत्र के तहत गाई नदी के किनारे निर्माणाधीन तटबंध की खबर ली। इस दौरान उन्होंने मीडिया से कहा कि धेमाजी जिले में बाढ़ एवं भूकटाव नियंत्रण के लिए सरकार ने इस साल लगभग150 करोड़ रुपए की योजना बनाई है और उम्मीद जताई कि ये कार्य अति शीघ्र संपन्न कर लिए जाएंगे। भ्रष्टाचार के मामले में शून्य सहनशीलता की नीति अपनाकर उनके मंत्री बने रहने तक जल संसाधन विभाग में कोई भी घोटाला नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि वे खुद भी कोई विभाग के कार्य में किसी तरह का हस्तक्षेप नहीं करते ताकि विभागीय कार्यों का एक तय नियमों के साथ योजना को समय के साथ संपन्न किया जा सके। उल्लेखनीय है कि दोपहर बाद मंत्री ने सांसद प्रदान बरुवा और लखीमपुर के विधायक मानव डेका के साथ जोहिंग अंचल का दौरा कर तटबंध निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया और अंचल के त्रिवेणी संगम का परिदर्शन किया और जोहिंग नदी के लगभग एक किलोमीटर लंबे इलाके में तटबंध निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कर मानसून से पूर्व पूरे करने का भरोसा दिलाया।
कई स्थानों पर जल संसाधन विभाग के कार्यों की प्रगति का मंत्री पीयूष ने लिया जायजा