गुवाहाटीः भारतीय चुनाव आयोग (ईसीआई) ने चुनाव प्रचार के लिए दिशा-निर्देशों में संशोधन किया है। देश में कोविड-19 की स्थिति की समय-समय पर समीक्षा करने के बाद चुनाव आयोग ने चुनाव प्रचार संबंधी बैठकों, राजनीतिक दलों और उम्मीदवारों की रैलियों और रोड शो में लगाए गए प्रतिबंधों में ढील देने का फैसला किया है। आयोग ने इस तथ्य पर विचार करते हुए कहा कि कोविड के मामलों की संख्या घटती जा रही है। ऐसे में राजनीतिक दलों और उम्मीदवारों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए चुनाव प्रचार पर लगी पाबंदियों में तत्काल प्रभाव से ढील दी है। इस लिए राजनीतिक दलों-उम्मीदवारों को अब एसडीएमए नियमों के अधीन अपनी बैठकें और रैलियां आयोजित करने की अनुमति है। आयोजन स्थल के 50 प्रतिशत क्षमता के उपयोग पर प्रतिबंध में और ढील दी गई है। चुनाव आयोग ने एसडीएमए नियमों के अधीन और जिला अधिकारियों की पूर्व अनुमति के साथ रोड शो की भी अनुमति दी है। उल्लेखनीय है कि असम के माजुली विधानसभा क्षेत्र में उप-चुनाव होने जा रहा है। वहां सत्तारूढ भाजपा के अलावा अन्य दलों के उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतारे गए हैं।