मॉस्को/कीव/वॉशिंगटन : यूक्रेन पर रूस के हमले शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन जारी हैं। राजधानी कीव में सुबह 7 बड़े धमाके हुए। लोग रातभर घरों, सब-वे और अंडरग्राउंड शेल्टर में छिपे रहे। खाने-पीने से लेकर रोजाना की जरूरत की चीजों की कमी हो रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ब्लैक सी में रूस ने रोमानिया के एक शिप पर मिसाइल हमला किया। इसमें आग लग गई है। ये बेहद अहम खबर है। दरअसल, रोमानिया नाटो का मेंबर है और नाटो अब तक रूस के खिलाफ जंग में इसलिए नहीं कूदा, क्योंकि उसका कहना है कि यूक्रेन नाटो का मेंबर नहीं है। इसलिए, हम उसकी सीधी सैन्य मदद नहीं कर सकते। इसका मतलब यह है कि अब अमरीका भी इस जंग में कूद सकता है, क्योंकि उसने साफ कहा था कि अगर किसी नाटो मेंबर पर हमला होता है तो वो कार्रवाई करने में वक्त नहीं लगाएगा। रूस सरकार के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने कहा है कि उनकी सरकार डिप्लोमैट्स को बातचीत के लिए बेलारूस की राजधानी मिंस्क भेज सकती है। इस बारे में रूस की तरफ से लिखित बयान जारी किया गया है। इसके पहले उसने यूक्रेनी सेना के सरेंडर की शर्त रखी थी। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन ने शुक्रवार को चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग से फोन पर बातचीत की। गुरुवार को उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बातचीत की थी। इसके अलावा वो फ्रांस के राष्ट्रपति से भी बातचीत कर चुके हैं। दूसरी तरफ, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोल्दोमिर जेलेंस्की ने पुतिन को बातचीत का न्योता भेजा है। हालांकि, रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव पहले ही साफ कर चुके हैं कि बातचीत तभी हो सकती है जब यूक्रेन सरेंडर कर दे। प्रधानमंत्री मोदी ने गुरुवार रात रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन से फोन पर बात की थी। इसके बाद रूस की तरफ से शुक्रवार को बयान आया। इसमें कहा गया- हमें उम्मीद है कि हृ सिक्योरिटी काउंसिल की मीटिंग में भारत हमारा समर्थन करेगा। यहां अगर कोई रिजोल्यूशन जारी होता है तो भारत से समर्थन और सहयोग की उम्मीद करते हैं। 28 मई को ईएफए चैंपियंस लीग का फाइनल रूस की बजाए अब फ्रांस की राजधानी पेरिस में होगा। वहीं, जर्मन रेसिंग ड्राइवर सेबेस्टियन वेटेल ने कहा है कि वह यूक्रेन में रूस द्वारा चल रहे हमलों के कारण इस साल फॉर्मूला वन के रूसी ग्रांड प्रिक्स में भाग नहीं लेंगे। यूक्रेन के चेर्नोबिल न्यूक्लियर पावर प्लांट के पास गुरुवार रात रूसी सेना ने हमले किए। यहां कई धमाके भी हुए। इसके चलते इस एटमी प्लांट में रेडिएशन लेवल ब? गया है। यूक्रेन की न्यूक्लियर एजेंसी ने इसकी पुष्टि की है। इस इलाके में रहने वाले हजारों लोगों को रेडिएशन लेवल बढ़ने से जान का खतरा पैदा हो गया। उन्हें सेहत संबंधी दिक्कतें भी हो सकती हैं। इस बीच यूक्रेन के रक्षा मंत्रालय ने नागरिकों से कहा है कि वे रूसी सेना के मूवमेंट के बारे में जानकारी देते रहें। इसके साथ ही उन पर पेट्रोल बम फेंकें। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोल्दोमिर जेलेंस्की ने दावा किया है कि रूसी सेना राजधानी कीव में दाखिल हो गई है। हालांकि रूसी टैंक कीव से 32 किमी दूर हैं। इन्हें रोकने के लिए यूक्रेनी सेना ने तीन पुल उड़ा दिए हैं। जेलेंस्की ने आशंका जताई है कि 96 घंटे यानी 4 दिनों में कीव पर रूस का पूरी तरह कब्जा हो जाएगा। उन्होंने कहा कि रूसी सेनाएं रिहाइशी इलाकों को टारगेट कर रही हैं। उन्होंने रूसी नागरिकों से अपील की है कि वे इस जंग के खिलाफ प्रदर्शन करें। रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने जंग खत्म होने की उम्मीदें भी खारिज कर दी हैं। लावरोव ने कहा- हमें अब यूक्रेन से बातचीत का ऑफर कबूल नहीं है। बातचीत सिर्फ एक शर्त पर हो सकती है कि यूक्रेन सरेंडर कर दे। उनके राष्ट्रपति अब तक सिर्फ झूठ बोलते आए हैं। ब्रिटेन के खिलाफ जवाबी कार्रवाई के तौर पर रूस ने वहां के सभी विमानों के लिए अपना एयरस्पेस बंद कर दिया है। रूस-यूक्रेन जंग पर तालिबान ने कहा है कि दोनों देश शांति से मसले को हल करें। रूस ने साउथ कोरिया से फौरन सायबर सिक्योरिटी के लिए मदद मांगी है। दोनों देशों की इस बारे में बातचीत हुई है।
रूस का नाटो के मेंबर पर मिसाइल हमला