गुवाहाटी : असम के पड़ोसी राज्य मेघालय के नए डीजीपी को लेकर मंथन जारी है। उल्लेखनीय है कि पिछले साल 21 दिसंबर को मेघालय पुलिस के डीजीपी पद से असम-मेघालय कैडर के आईपीएस अधिकारी आर चंदनाथन की सेवानिवृत्ति के बाद राज्य में डीजीपी का पद अब तक रिक्त है। इस पद के लिए असम-मेघालय कैडर के तीन वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के नामों पर चर्चा हो रही है। यूपीएससी ने मेघालय सरकार द्वारा डीजीपी पद के लिए भेजे गए 5 अधिकारियों की तालिका में से तीन शीर्ष अधिकारियों को चयनित किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के आधार पर यूपीएससी ने 1989 बैच के आईपीएस अधिकारी मुकेश अग्रवाला तथा केडी सिंहदेव और 1991 बैच के आईपीएस अधिकारी एलआर विश्नोई का नाम चयनित किया है। यूपीएससी ने मेघालय सरकार की तालिका से 1991 बैच के आईपीएस अधिकारी एसएन सिंह तथा वर्तमान मेघालय के प्रभारी डीजीपी इदादिसा नोंगरांग के नाम अपनी तालिका में शामिल नहीं किया। यूपीएससी की चयनित अधिकारियों की तालिका में वरीयता के क्रम में मुकेश अग्रवाला सबसे शीर्ष स्थान पर हैं। वे वर्तमान असम पुलिस के नागरिक सुरक्षा तथा गृहरक्षी बल के मुख्य निदेशक के रूप में कार्यरत हैं। शिलांग के सेंट एडमंडस कॉलेज के पूर्व छात्र अग्रवाला ने 1990 में शिलांग में सह पुलिस अधीक्षक के रूप में प्रशिक्षण पूरा किया था। उन्होंने मेघालय राज भवन के एडीसी और इस्ट खासी हिल्स और विलियम नगर के एडीसीओ के रूप में भी काम किया था। यूपीएससी की तालिका में वरीयता के क्रम में दूसरे स्थान पर रहे  केडी सिंहदेव वर्तमान असम पुलिस के सीआईईओ के विशेष निदेशक के रूप में कार्यरत हैं। एलआर विश्नोई उक्त तालिका में तीसरे स्थान पर हैं जो वर्तमान असम पुलिस के प्रशिक्षण तथा सशस्त्र बल के विशेष निदेशक के रूप में कार्यरत हैं। मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनराड संगमा ने कहा कि यूपीएससी द्वारा चयनित अधिकारियों की तालिका के आधार पर ही डीजीपी पद के लिए नियुक्ति दी जाएगी। उल्लेखनीय है कि मेघालय पुलिस के डीजीपी पद के लिए यूपीएससी द्वारा चयनित तीनों आईपीएस अधिकारी वर्तमान असम पुलिस के विभिन्न पदों पर कार्यरत हैं। इनमें से सिर्फ मुकेश अग्रवाला का ही मेघालय पुलिस में काम करने का अनुभव है। इस हिसाब से मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनराड संगमा द्वारा नए डीजीपी पद के लिए मुकेश अग्रवाला को पसंद करने की संभावना पर चर्चा हो रही है।