गुवाहाटी : गुवाहाटी महानगर में एक पांच साल के बच्चे का अपहरण करके हत्या करने के आरोप में कृृष्ण रावत को अदालत ने बुधवार को आजीवन कारावास की सजा सुनाई। उल्लेखनीय है कि 2014 में गुवाहाटी महानगर के गणेशगुड़ी के निवासी प्रमोद रावत के पांच साल के बेटे अनुराग कुमार को किसी अज्ञात व्यक्ति ने अपहरण कर लिया था। इस संदर्भ में प्रमोद रावत ने दिसपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पुलिस की जांच के दौरान पता चला कि प्रमोद रावत के सहकर्मी कृृष्ण रावत ने बच्चे का अपहरण किया था। पुलिस के पूछताछ के दौरान कृृष्ण रावत ने कहा कि उसने बच्चे को कपिली नदी में फेंककर मार दिया। पुलिस ने कृृष्ण रावत के खिलाफ भादवि की धारा 366 तथा 302 के तहत मामला दर्ज किया। पिछले 8 सालों में मामले की कई सुनवाई हुई। आखिर बुधवार को कामरूप महानगर जिले के सत्र न्यायाधीश की अदालत ने कृृष्ण रावत को हत्या के मामले में अपराधी करार दिया और उसे आजीवन कारावास की सजा सुनाई।
पांच साल के बच्चे की हत्या मामले में दोषी को आजीवन कारावास