पूर्वांचल प्रहरी डेस्क संवाददाता
गुवाहाटी : युद्धग्रस्त यूक्रेन से 58असमिया छात्रों को निकालकर भारत वापस लाया गया है। वृहस्पतिवार सुबह 22 छात्र दिल्ली पहुंचे और असम भवन के अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। छात्र राष्ट्रीय राजधानी में असम हाउस में तब तक रहेंगे जब तक वे असम में अपने घरों को नहीं लौट जाते। राज्य सरकार की ओर से उन्हें वापस गुवाहाटी लाने की व्यवस्था की जा रही है। इससे पहले तीन छात्र कल नई दिल्ली पहुंचे और उन्हें असम भवन में ठहराया गया है। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्वशर्मा ने वृहस्पतिवार को बताया कि विदेश मंत्रालय की ओर से असम के कुल 58 छात्रों को यूक्रेन से निकाला गया है। इस बीच असम के मुख्य सचिव जिष्णु बरुवा ने जिला प्रशासन को उन छात्रों के माता-पिता तक पहुंचने का निर्देश दिया,जो अभी भी यूक्रेन में फंसे हुए हैं। असम सरकार के पास यूक्रेन में फंसे 160 लोगों की सूची है और उन सभी को निकालने की प्रक्रिया विदेश मंत्रालय के समन्वय से वृहस्पतिवार दोपहर तक जारी है।