कीव/मॉस्को : रूस की ओर से यूक्रेन के खिलाफ छेड़ी गई जंग को अब 11 दिन बीत चुके हैं। यूक्रेनी सेना ने अब तक रूस के लिए गतिरोध की स्थिति बना रखी है। रूस की ओर से यूक्रेन की राजधानी कीव और दूसरे सबसे बड़े शहर खारकीव पर किए जा रहे हमले नागरिकों की जान लेने के बावजूद यूक्रेनी सेना के हौसले नहीं डिगा पाए हैं। इस बीच खबर आई है कि खारकीव में यूक्रेनी सेना ने पलटवार करते हुए रूसी उपकरणों की 30 यूनिट्स पर कब्जा जमा लिया है। उधर जंग के दौरान बंदी बनाए गए सैनिकों के लिए यूक्रेन बंदीगृहों की व्यवस्था भी कर रहा है। बेलारूस की निर्वासित विपक्षी नेता स्वियातलाना त्सिखानूस्काया ने कहा कि देश के नेता ने देश का नियंत्रण क्रेमलिन के हवाले कर दिया है। उन्होंने कहा, ऐसा लगता है कि राष्ट्रपति अलेक्जेंडर लुकाशेंको के हाथ में हमारी सेना का नियंत्रण नहीं है। उधर, लुकाशेंको इस बात से उनकार कर रहे हैं कि बेलारूस की सेना यूक्रेन में मौजूद है और न ही हमारी रूस की ओर से युद्ध में शामिल होने की योजना है। यूक्रेन के मीडिया संगठन कीवपोस्ट ने खबर दी है कि रूस की सेना ने विनित्स्या पर आठ मिसाइलों से हमला किया है। राष्ट्रपति जेलेंस्की ने कहा है कि इस हमले में विनित्स्या एयरपोर्ट पूरी तरह तबाह हो गया है। इसके अलावा कीव में आने वाले इरपिन में रूसी सेना पर नागरिकों पर गोलीबारी करने का आरोप भी लगाया है। ऑपरेशन गंगा का हंगरी में समन्वय संभाल रहे केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा है कि शनिवार को लगभग 5200 भारतीय नागरिकों की देश वापसी हुई थी। आज लगभग 889 लोग भारत जा रहे हैं। हम आज ऑपरेशन गंगा के तहत उड़ानों के संचालन के अंतिम दौर में हैं। उन्होंने कहा कि सूमी में फंसे भारतीयों की निकासी के लिए कोशिश की रही है। रूस में अंतिम बचे कुछ स्वतंत्र मीडिया संस्थानों में शामिल मीडियाजोना ने कहा है कि यूक्रेन पर हमले की रिपोर्टिंग के लिए अधिकारियों ने ब्लॉक कर दिया है।रेड क्रॉस यूक्रेन यूक्रेन के सूमी में फंसे भारतीयों को इंडियन वर्ल्ड फोरम के साथ समन्वय में मानवीय मदद उपलब्ध करा रहा है। सूमी में रेड क्रॉस के समन्वयक इहोर शपोवाल ने यूनिवर्सिटी परिसरों का दौरा किया है, छात्रों से बातचीत की है और उन्हें जल्द निकासी का आश्वासन दिया है।
विनित्स्या पर रूस ने रॉकेट बरसाए, एयरपोर्ट तबाह