दिसपुर : गुवाहाटी के बारहमाइल इलाके में स्थिति राष्ट्रीय राजमार्ग-6 के किनारे खड़े एक इंडियन ऑयल के गैस टैंकर का चालक सुरक्षा मानकों की धज्जियां उड़ाते हुए टैंकर से रसोई गैस सिलेंडर में गैस भरते देखा गया। स्थानीय सुभाष बोरो ने बताया कि बारहमाइल के आवासीय इलाके में राष्ट्रीय राजमार्ग-6 के किनारे सुरक्षा नियमों को ताक पर रखते हुए बेहद खतरनाक तरीके से इंडियन ऑयल के गैस टैंकर (एनएल-02जी-3878)से दो रसोई गैस सिलेंडर में एलपीजी गैस भरते देखा गया। गैस सिलेंडर में रसोई गैस भरने के लिए एक ऑटो रिक्शा (एएस-25ईसी-9362) के जरिए खाली सिलेंडर को सड़क किनारे लाया गया था। बिना किसी सुरक्षा ऐहतियात को ध्यान में रखते हुए दोनों सिलेंडरों में गैस भरा गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर गैस भरने के दौरान कोई हादसा हो जाता तो पूरा इलाका आग की चपेट में आ जाता। स्थानीय लोगों ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे इस तरह के गोरखधंधे के खिलाफ पुलिस को सख्त कदम उठाना चाहिए। वहीं इस घटना में एक कार (एएस-01डीवाई-8929) से आए दो लोगों के भी शामिल होने की बात सामने आई है। गौर करने वाली बात है कि अवैध तरीके से गैस टैंकर से रसोई गैस में एलपीजी गैस भरने वाले लोगों के खिलाफ इंडियन ऑयल और पुलिस प्रशासन क्या कोई कदम उठाएगी यह एक बड़ा सवाल है। उल्लेखनीय है कि 1 नवंबर, 1998 को खानापाड़ा के फार्म गेट इलाके में इसी तरह की एक घटना घटी थी। उक्त घटना में एलपीजी गैस टैंकर से रसोई गैस सिलेंडर में गैस भरने के दौरान लगी आग की वजह 9 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 120 से अधिक लोग आग में बुरी तरह से झुलस गए थे। इतनी बड़ी घटना के बाद भी लोग किसी तरह की कोई सीख लेने के लिए तैयार नहीं हैं।
बड़े हादसे को दावत : टैंकर से एलपीजी गैस चोरी का भंडाफोड़