कीव/मास्को : रूस-यूक्रेन जंग के बीच पोलैंड दौरे पर पहुंचे अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि पुतिन जल्द ही सत्ता से बेदखल हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि रूस ने खुद युद्ध चुना है और यह युद्ध एक दिन या एक महीने में खत्म नहीं हो सकता है। वहीं, अमेरिकी राष्ट्रपति के बयान पर रूस ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। रूसी राष्ट्रपति हाउस क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने कहा कि यह बाइडेन नहीं तय करेंगे कि पुतिन कब तक सत्ता में रहेंगे। रूस की जनता ने पुतिन को राष्ट्रपति बनाया है। उन्होंने कहा कि बाइडेन के इस बयान से रूस और अमेरिका के बीच संबंध पर और गहरा असर होगा। उधर, अमेरिका में व्हाइट हाउस की तरफ से भी बाइडेन के बयान को लेकर सफाई दी गई है कि उनके कहने का मतलब पुतिन को हटाने का आह्वान करना नहीं  था। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक जंग के बीच रूसी सेनाओं ने अपने ही कर्नल यकोव रेजानस्टेव को मार दिया है। यकोव 49वीं संयुक्त शस्त्र सेना के कमांडर थे। रूस में अब तक 7 जनरल स्तर के अधिकारी मारे जा चुके हैं। रूस ने खार्किव शहर के होलोकास्ट मेमोरियल पर अटैक किया है। यूक्रेन के विदेश मंत्री ने बताया कि नाजी हमले में मारे गए 15000 यहूदियों की याद में यह मेमोरियल बनाया गया था। रूसी सैनिकों ने वोलिन शहर पर हमला कर दिया है। यूक्रेनी सेना ने बताया कि 4 रॉकेट शहर पर दागे गए हैं। घटनास्थल पर फायर ब्रिगेड की टीम मौजूद है। ब्लैक सी से रूस ने 4 कलिब्र क्रूज मिसाइलें लॉन्च की। इस मिसाइल ने जिटोमिर क्षेत्र में एक मिलिट्री इक्विपमेंट डिपो को तबाह कर दिया। यूक्रेन ने दावा किया है कि रूसी सेना के हमले में उसके 136 बच्चों की अब तक मौत हुई है। वहीं, लगभग 200 बच्चे घायल हुए हैं। डब्ल्यूएचओ के मुताबिक, रूस ने यूक्रेन के 70 से ज्यादा हॉस्पिटल और मेडिकल फैसिलिटी पर हमले किए हैं। यूक्रेनी आम्र्ड फोर्सेस के मुताबिक यूक्रेन ने 26 मार्च को 2 रूसी प्लेन, 3 ड्रोन और 2 हेलिकॉप्टर तबाह किए हैं। जंग की वजह से यूक्रेन के करीब 35 लाख लोग शरणार्थी बन गए हैं। वहीं देश के सभी शहरों का कम्युनिकेशन सेंटर को रूस ने खत्म कर दिया है। रूस ने बताया है कि यूक्रेन जंग में अब तक 1,351 रूसी सैनिकों ने जान गंवाई है, जिसमें 6 जनरल रैंक के अधिकारी शामिल हैं। हालांकि, यूक्रेन और पश्चिमी देशों के मिलिट्री इंटेलिजेंस के मुताबिक, यह संख्या और अधिक है। लीव शहर के गवर्नर ने दावा किया है कि रूसी सेना वहां के ऑयल डिपो पर हमला कर दिया है। गवर्नर ने अपने बयान में कहा कि रूसी सैनिकों ने चार हमले किए, जिसमें डिपो पूरी तरह ध्वस्त हो चुका है।