कोकराझाड़ : असम के राज्यपाल प्रो. जगदीश मुखी के निर्देश पर बीटीसी का दो दिवसीय बजट सत्र आज सोमवार से शुरू हो गया। बजट सत्र के शुरू होते ही स्पीकर ने बीटीसी प्रमुख को बजट पेश करने की अनुमति दी। विपक्ष ने बजट भाषण से पहले प्रश्नकाल शुरू करने की मांग करते हुए सदन से बाहर चला गया। विपक्ष के सदन से वाकआउट करने के बाद बीटीसी प्रमुख प्रमोद बोड़ो ने साधारण बजट पेश किया। बजट में कृषि, शिक्षा, सोशल वेलफेयर एंड न्युट्रेशन, डब्ल्यू पीटी एंड बीसी, सडक़ निर्माण व पुलों के निर्माण पर अधिक ध्यान दिया गया। बजट भाषण खत्म होते ही विपक्ष के सभी सदस्य सदन में आ गए तथा प्रश्नकाल के दौरान सत्ता पक्ष व विपक्ष में खूब नोकझोंक हुआ। विपक्ष की ओर से पूछे गए सवालों का जबाब देते हुए सत्ता पक्ष के वन विभाग के ईएम ने सदन को बताया कि पूर्व के सरकार के कार्यकाल के समय से बीटीसी का 176 हेक्टेयर वनांचल पर अतिक्रमण हुआ है। वनांचल की भूमि पर पहले की सरकार के कुछ नेताओं ने भी कब्जा कर रखा है। सत्ता पक्ष व विपक्ष में कोकराझाड़ आरएनबी अस्पताल में स्वच्छता को लेकर भी नोक-झोंक हुआ। उसके बाद स्पीकर ने मरे नेताओं को श्रद्धांजलि देने के बाद कल तक के लिए सदन को स्थगित कर दिया। कल यानी पांच अप्रैल को बजट पर चर्चा होगी।
बीटीसी का दो दिवसीय अधिवेशन शुरू, बजट पेश