नई दिल्ली : भारत में हिजाब विवाद पर केंद्रित अल-कायदा प्रमुख अयमान अल-जवाहिरी का नया वीडियो देश में अपना समर्थन का आधार बढ़ाने के लिए है। बुधवार को खुफिया सूत्रों ने इसकी जानकारी दी. इससे पहले ये अंतर्राष्ट्रीय आतंकी संगठन कश्मीर के मुद्दे को लेकर भारत को टारगेट करता था, लेकिन इस बार ये आतंकी कुछ अन्य विशेष मामलों पर अपनी राय जाहिर कर रहे हैं। इस वीडियो में अल-जवाहिरी ने कथित तौर पर कर्नाटक की एक छात्र मुस्कान खान की प्रशंसा की। जिन्होंने हिजाब समर्थक विरोध प्रदर्शनों में एक प्रमुख भूमिका निभाई और जय श्री राम के नारे लगाने वाले लड़कों के एक समूह का मुकाबला करने के लिए अल्लाहो अकबर बोलकर जवाब दिया। आतंकी संगठन के मुखिया ने यह भी कहा कि भारतीय मुसलमानों को इस उत्पीड़न पर प्रतिक्रया देनी चाहिए. पिछले कुछ महीनों में यह अलकायदा चीफ का यह पहला वीडियो था। अमरीकी साइट इंटेलीजेंस ग्रुप की ओर से उपलब्ध कराए गए अरबी भाषा के वीडियो क्लिप में अल-जवाहिरी ने कहा कि हमें उन गलतफहमियों को दूर करना चाहिए,जो हमें भ्रमित करती है। हमें भारत के मूर्तिपूजक हिंदू लोकतंत्र की मृगतृष्णा से धोखा खाना बंद करना चाहिए, जिसकी शुरुआत मुसलमानों पर अत्याचार करने के लिए एक उपकरण के तौर पर हुई। खुफिया सूत्रों ने कहा कि अलकायदा चीफ का यह वीडियो संदेश भारतीय मुसलमानों के लिए आंखें खोलने वाला है क्योंकि हिजाब के भावनात्मक मुद्दे का इस्तेमाल अब दुनिया के शीर्ष आतंकवादी संगठन जैसे इस्लामिक स्टेट और अल-कायदा द्वारा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भारतीय मुसलमानों को अब इस मुद्दे को लेकर जारी विरोध पर फिर विचार करना चाहिए। इंटेलीजेंस सूत्रों ने कहा कि, कश्मीर में भी हिजाब को लेकर जारी प्रदर्शन को आतंकी संगठनों का पूरा समर्थन है। भारत की सुरक्षा एजेंसियों से जुड़े सूत्रों ने कहा कि अल-जवाहिरी के इस बयान का भारत में कोई असर नहीं होगा। सिर्फ कुछ कट्टरपंथी तत्व इसे अपने समर्थन के तौर पर देख रहे हैं.। अलकायदा एक कट्टरपंथी संगठन है और हिन्दुस्तान में इसके समर्थन का कोई आधार नहीं है। खुफिया सूत्रों ने यह भी कहा कि इस वीडियो मैसेज के जरिए अल-जवाहिरी सिर्फ दुनिया को यह बताना चाहता है कि वह जिंदा और लोकप्रियता हासिल करने के लिए ऐसे भावनात्मक मुद्दों का इस्तेमाल कर रहा है।
भारत में नेटवर्क का विस्तार चाहता है यह आतंकी संगठन