कीव : रूसी क्षेत्र में यूक्रेन के लगातार जारी हमलों और काला सागर में रूसी युद्धपोत के क्षतिग्रस्त होकर डूबने से भडक़े मॉस्को ने कीव पर नए सिरे से मिसाइल हमले करने की धमकी दी है। वहीं, यूक्रेनी अधिकारियों ने कहा है कि राजधानी के बाहरी इलाकों में 900 से अधिक आम लोगों के शव मिले हैं। पुलिस ने बताया कि इनमें से अधिकांश लोगों को गोली मारी गई थी। रूसी सेना ने पूर्वी यूक्रेन में नए सिरे से हमले की तैयारी तेज कर दी है, जबकि दक्षिणी बंदरगाह शहर मारियुपोल में लड़ाई जारी है, जहां स्थानीय लोगों ने रूसी सैनिकों को शवों को खोदकर निकालतदेखे जाने की सूचना दी है। क्षेत्रीय गवर्नर ओलेह सिनेहुबोव के अनुसार, उत्तर-पूर्वी शहर खारकीव में एक आवासीय इलाके पर गोलाबारी में सात महीने के एक शिशु सहित सात लोगों की मौत हो गई और 34 अन्य घायल हो गए। यूक्रेन की राजधानी कीव के महापौर विताली क्लित्श्चको ने एक ऑनलाइन पोस्ट में बताया कि राजधानी के पूर्वी जिले दारनित्स्की की शनिवार को घेराबंदी की गई और वहां ‘धमाके’ हुए। उन्होंने बताया कि बचावकर्मी व चिकित्सा कर्मी मौके पर मौजूद हैं और पीड़ितों की जानकारी बाद में दी जाएगी। उन्होंने निवासियों से अपील की है कि वे सायरन की आवाज पर ध्यान दें और जो लोग राजधानी छोड़ चुके हैं, वे सुरक्षा कारणों से अभी न लौटें। राजधानी के क्षेत्रीय पुलिस बल के प्रमुख एंड्री नेबितोव ने कहा कि कीव के आसपास शवों को सडक़ों पर छोड़ दिया गया या अस्थायी रूप से दफनाया दिया गया था। उन्होंने पुलिस के आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि 95 प्रतिशत लोगों की मौत गोली लगने से हुई है। नेबितोव ने कहा कि हमें लगता है कि रूसी कब्जे के दौरान इन लोगों को यूं ही अकारण गोली मार दी गई। उन्होंने कहा कि हर दिन मलबे के नीचे और सामूहिक कब्रों से शव मिल रहे हैं तथा सबसे ज्यादा 350 से अधिक शव बुचा में बरामद हुए हैं। नेबितोव के अनुसार, मानवाधिकार सक्रियतावादियों ने रूसी कब्जे के बीच कीव के इस उपनगर में इकट्ठा किये गये और शवों को दफनाया। उन्होंने आरोप लगाया कि रूसी सैनिकों ने यूक्रेन समर्थक विचारों को व्यक्त करने वाले लोगों को ‘निशाना’ बनाया है। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने रूसी सैनिकों पर दक्षिण में खेरसॉन और जापोरिजिया के कुछ हिस्सों पर कब्जा करने तथा यूक्रेन की सेना व सरकार में सेवाएं देने वाले लोगों को निशाना बनाने का आरोप लगाया। जेलेंस्की ने शुक्रवार रात राष्ट्र के नाम दिए अपने वीडियो संबोधन में कहा कि कब्जा करने वालों को लगता है कि इससे उनके लिए संबंधित क्षेत्र को नियंत्रित करना आसान हो जाएगा, लेकिन वे गलत हैं। वे खुद को बेवकूफ बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि रूस की समस्या यह है कि उसे पूरी यूक्रेनी जनता ने खारिज कर दिया है और वह उसे कभी भी स्वीकार नहीं करेगी। रूस ने यूक्रेन को हमेशा के लिए खो दिया है। जेलेंस्की ने सीएनएन को दिए साक्षात्कार में कहा कि अधिकारियों का मानना है कि युद्ध में 2,500 से 3000 यूक्रेनियाई सैनिकों की मौत हुई है। उन्होंने कहा कि करीब 10 हजार अन्य घायल हुए हैं और यह कहना मुश्किल है कि उनमें से कितने जिंदा रहेंगे।