नई दिल्ली : प्रशांत किशोर (पीके) 29 अप्रैल को कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं। पीके ने कहा था कि वह 2 मई तक अपनी अगली भूमिका का ऐलान करेंगे। पीके ने कांग्रेस की वापसी के लिए 600 स्लाइड्स का प्रेजेंटेशन तैयार किया है। बताया जा रहा है कि अभी किसी ने भी पूरा प्रेजेंटेशन नहीं देखा है। कांग्रेस को मजबूत करने के लिए राजनीतिक रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने पार्टी को जो टिप्स दिए हैं, वे अब बाहर आने लगे हैं। कांग्रेस से जुड़े सूत्रों के अनुसार पीके ने अपने ब्लू प्रिंट में पार्टी को पुराने सिद्धांतों पर लौटने, जमीनी कार्यकर्ताओं को मजबूत करने और स्थायी पार्टी अध्यक्ष नियुक्त करने को कहा है। इतना ही नहीं उन्होंने  गठबंधन से जुड़े मुद्दे को सुलझाने और पार्टी के कम्युनिकेशन सिस्टम में बदलाव करने की जरूरत पर भी जोर दिया है। पीके के प्रेजेंटेशन की शुरुआत महात्मा गांधी के कोट- भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस को कभी मरने नहीं दिया जा सकता, यह सिर्फ राष्ट्र के साथ मर सकती है। प्रशांत किशोर ने जो प्रेजेंटेशन दिया है, उसे उन्होंने सोनिया गांधी को पिछले साल जून में दिया था। इसमें भारत की जनसंख्या, वोटर, विधानसभा सीटें, लोकसभा सीटों तक के आंकड़े रखे गए हैं। इतना ही नहीं उन्होंने महिलाओं, युवाओं, किसान और छोटे व्यापारियों की संख्या तक का जिक्र किया है। इसमें 2024 में 13 करोड़ फस्र्ट टाइम वोटर्स पर भी फोकस किया गया है। पीके ने अपने प्रेजेंटेशन में बताया कि अभी कांग्रेस के राज्यसभा और लोकसभा में 90 सांसद हैं। विभिन्न विधानसभाओं में 800 विधायक हैं। कांग्रेस की तीन राज्यों में सरकार है। 3 में कांग्रेस सहयोगी दलों के साथ सरकार में है।