तिनसुकिया : तिनसुकिया जिले के सदिया थाने के नवनिर्मित भवन का उद्घाटन करने पहुंचे राज्य के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) भास्कर ज्योति महंत ने तिनसुकिया में मीडिया कर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि एक समय था,जब पूरे असम में खून की होली खेली जा रही थी। बम के धमाके, गोलियों की बौछार, अपहरण,धन उगाही जैसी घटनाएं आम बात थी। लेकिन अब वह परिस्थिति नहीं है, आज के दिन राज्य में शांति है। अगर दोबारा पहले वाली स्थिति को पुर्नजीवित करने का प्रयास होगा तो उसे दुर्भाग्यपूर्ण ही कहा जाएगा। इधर ऊपरी असम के युवक-युवतियों की लगातार अल्फा (स्वा.)में शामिल होने की खबरों पर डीजीपी महंत ने अल्फा नेतृत्व से आह्वान किया कि दोबारा राज्य में पहले की तरह स्थिति न हो। ऐसे में वे युवाओं को आत्मनिर्भर होने की प्रेरणा दें   तथा समाज हित में काम करने के लिए जागरूक करें। वहीं समाज विरोधी कार्यकलापों से उन्हें दूर रखें। उन्होंने कहा कि हम असम को फिर से अशांत नहीं होने देंगे। वहीं फ्रॉड कॉल के जरिए लोगों के पैसे को चंद मिनटों में उड़ा ले जाने वाले गिरोह के संदर्भ में उन्होंने कहा कि एक मात्र असम ही है, जहां लोगों के पैसे को फ्रॉड कॉल के जरिए उड़ाने वाले गिरोह से बचाने के लिए सिटीजन साइबर फ्रॉड प्रीवेंशन सिस्टम के तहत 1930 नंबर की सेवा शुरू की गई है। इस सेवा के तहत भुक्तभोगी को 24 घंटे के भीतर इस नंबर पर संपर्क करना होगा।