गुवाहाटी : गुवाहाटी नगर निगम (जीएमसी) का चुनाव परिणाम आ गया। इस चुनाव में आशा के अनुरुप सत्ताधारी भाजपा गठबंधन (भाजपा और अगप) का प्रदर्शन काफी बेहतर रहा। सत्ताधारी गठबंधन ने 60 सीटोंं में से 58 पर जीत हासिल की तो राज्य की मुख्य विपक्षी पार्टी भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस (आईएनसी) एक भी सीट नहीं जीत सकी। यह अलग बात है कि एक भी सीट न जीतकर भी कांग्रेस को सत्ताधारी भाजपा के बाद सर्वाधिक 54980 वोट हासिल हुए, जबकि पहली बार चुनाव लड़ी आम आदमी पार्टी को कुल 42 हजार 866 वोट मिले। उल्लेखनीय है कि इस चुनाव में सत्ताधारी भाजपा 52 सीटोंं, असम गण परिषद (अगप) छह सीटो यानी भाजपा गठबंधन ने 58 सीटों पर जीत हासिल की,जबकि एक सीट पर असम जातीय परिषद (अजाप)और एक सीट पर आम आदमी पार्टी की उम्मीदवार चुनाव जीतने में कामयाब रही। यह चुनाव परिणाम राज्य में लंबे समय तक राज्य करने वाली कांग्रेस के लिए निराशाजनक रहा तो दूसरी ओर राज्य के नयी- नवेली पार्टी आप के लिए आक्सीजनदायक रही। इस चुनाव में आप की उम्मीदवार मासूमा बेगम विजयी रहीं, वहीं पार्टी 24 सीटों पर दूसरे नंबर पर रही और उसे कुल मतों का 15 प्रतिशत मत प्राप्त हुआ,इस परिणाम से पार्टी काफी खुश है। दूसरी ओर असम जातीय परिषद (अजाप) के लिए भी जीएमसी का चुनाव काफी लाभप्रद रहा,इस चुनाव में पाटी के उम्मीदवार हुकुम चंद अली बख्शी चुनाव जीतने में कामयाब रहे। इस चुनाव में एजेपी को कुल 15 हजार 443 वोट मिले, जो प्रथम प्रयास में संतोषप्रद ही कहा जा सकता है। इस चुनाव में 8097 लोगों ने नोटा पर बटन दबाया, जो साबित करता है कि इस चुनाव में विभिन्न पार्टियों की ओर से खड़े उम्मीदवार हजारों लोगों की उम्मीद पर खरे नहीं उतरे और उन्हें लगता है कि ये लोग महानगरवासियों की उम्मीदों पर खरे नहीं उतरेंगे। उल्लेखनीय है कि इसके पूर्व राज्य के विभिन्न स्थानों पर हुए निकाय चुनाव में भी आप ने अपनी जीत दर्ज कराई थी। ये परिणाम संकेत देते हैं कि आप भविष्य में अपने कार्यों से राज्यवासियों को और आकर्षित कर सकती है और राज्य की राजनीति में वह भी गिनती वाली पार्टी बन सकती है।
जीएमसी चुनाव के संकेत : आप ने खोला खाता, 24 सीटों पर रही दूसरे नंबर पर