गुवाहाटी: बैंक जालसाजी के आरोप में आज सोमवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी)ने नगर के घोष ब्रदर्स के 65.67 करोड़ की संपत्ति पर कब्जा कर लिया। मिली जानकारी के अनुसार गत वर्ष ईडी ने नगर के घोष ब्रदर्स में बैंक जालसाजी के आरोप में एक अभियान चलाया था। इसी अभियान के तहत ईडी की कार्रवाई चल रही थी, जिसके बाद घोष ब्रदर्स को दोषी पाते हुए प्रतिष्ठान के 65.67 करोड़ की संपत्ति पर ईडी ने अपना कब्जा जमाया। बताते चलें कि गत वर्ष के नवंबर महीने में नगर  के  प्रख्यात कार डीलर घोष ब्रदर्स  पर बैंक जालसाजी के आरोप में छापा मारा गया था। इस अभियान के दौरान प्रतिष्ठान से 63 लाख की नगदी व गहने बरामद किए गए ,  वहीं प्रतिष्ठान के खिलाफ जाली दस्तावेजों की सहायता से बैंक से ऋण लेने का आरोप है। प्रतिष्ठान के निदेशक प्रणव घोष, प्रतुल घोष व गीता रानी घोष के खिलाफ बैंक से ऋण लेकर विभिन्न अकाउंटों के जरिए हेरफेर करने का आरोप है। इसी मामले को लेकर आईडीबीआई बैंक ने घोष ब्रदर्स के साथ ही प्रतिष्ठान के अन्य इकाइयों के खिलाफ  कुल पांच मामले दर्ज किए गए थे, जिसके आधार पर प्रतिष्ठान के खिलाफ कार्रवाई जारी थी। इसी के बाद आज प्रतिष्ठान की संपत्ति के एक भारी हिस्से पर ईडी ने अपना कब्जा जमा लिया।