नई दिल्ली : भारत के 29वें आर्मी चीफ बने जनरल मनोज पांडे ने कहा है कि देश में सेना के आधुनिकीकरण पर जोर रहेगा। उन्होंने कहा कि बॉर्डर पर मेक इन इंडिया हथियारों का प्रयोग अधिक हो, इसके लिए प्रयास करेंगे। जनरल पांडे ने आगे कहा कि जल्द ही लद्दाख में पुरानी स्थित कायम हो जाएगी। सेना प्रमुख बनने के बाद अपने पहले इंटरव्यू में जनरल मनोज पांडे ने कहा कि पिछले 2 साल में हमने चीन से सटे बॉर्डर पर आर्मी की तैनाती काफी मजबूत की है। इन दो सालों में वहां पर अतिरिक्त सैनिकों की तैनाती भी की गई है। फिर हम हर चुनौती से निपटने के लिए तैयार हैं। हमें उम्मीद है जल्द ही लद्दाख में पुरानी स्थिति बहाल हो जाएगी। जनरल मनोज  पांडे ने कहा कि पिछले 2 महीने से रूस-यूक्रेन के बीच जंग जारी है। इसमें ड्रोन, मिसाइल और गन का प्रयोग हो रहा है। भारत भी ट्रेडिशनल वॉर की तैयारी पर अब और ज्यादा फोकस करेगा। इसके लिए हम स्वदेशी हथियारों की क्षमता विकसित करने पर ध्यान केंद्रित करेंगे। आर्मी चीफ ने कहा कि जब हम नए युग में जंग के तरीके को देखते हैं, तो सूचना और साइबर युद्ध सबसे अहम पहलू है। हम इसको रोकने में एक हद तक सफल भी हैं, लेकिन आगे हमें इस पर और भी अधिक काम करना है। भविष्य को देखते हुए हमें ऑर्गेनाइज्ड तरीके से इस पर काम करना होगा। उल्लेखनीय है कि जनरल मनोज पांडे चीन से सटे ईस्टर्न कमांड में कमांडर और ब्रिगेडियर स्टाफ के पद पर काम कर चुके हैं। वे लद्दाख इलाके के माउंटेन डि?वीजन में इंजीनियर ब्रिगेड के पद पर तैनात रह चुके हैं। वहीं नॉर्थ-ईस्ट रीजन में भी लेफ्टिनेंट जनरल रहते कई ऑपरेशन में भाग ले चुके हैं।