गुवाहाटी: वृहत्तर उलुबाड़ी ज्येष्ठ नागरिक संंस्था की ओर से तथा जीवन राम मूंगीदेवी गोयनका पब्लिक चैरिटेबल ट्रस्ट के सहयोग से जीएल पब्लिकेशंस के पूर्व प्रबंध निदेशक और पूर्वांचल प्रहरी के संस्थापक संपादक स्वर्गीय जीएल अग्रवाला की तीसरी पुण्यतिथि के मद्देनजर 2021-22 के लिए पुरस्कार वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। नगर के आमबाड़ी स्थित असम राज्यिक संग्रहालय के प्रेक्षागृह में संध्या के चार बजे कार्यक्रम का शुभारंभ जीएल अग्रवाला की तस्वीर के सामने दीप प्रज्ज्वलन,पुष्पांजलि व डॉ. रूपांजलि हजारिका के बर गीत से शुरू हुआ। इस मौके पर मंच पर अवकाशप्राप्त जज धीराज नारायण चौधरी, संस्था के अध्यक्ष बलिन बरदलै, समाजसेवी डॉ. सुचित्रा काकति, वरिष्ठ पत्रकार धीरेंद्रनाथ चक्रवर्ती, जीवन राम मूंगीदेवी गोयनका पब्लिक चैरिटेबल ट्रस्ट के प्रमुख ट्रस्टी शंकरलाल गोयनका विराजमान थे। इस सम्मान कार्यक्रम के दौरान असमिया समाज जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में अवदान देनेवालीं समाज सेविका नलिनी तालुकदार ,विशिष्ठ क्रीड़ाविद् प्रदीप चालिहा, विशिष्ट चित्रकार अमिनुल हक व विशिष्ट साहित्यकार स्व. रामनिरंजन गोयनका को सम्मान पत्र, सराई, सेलेंग चादर, गैंडा, पुष्प गुच्छ के साथ अन्य उपहार देकर सम्मानित किया गया। उल्लेखनीय है कि रामनिरंजन गोयनका का पुरस्कार शंकरलाल गोयनका ने ग्रहण किया। सम्मानित सभी लोगों ने प्रसन्नता जाहिर करते हुए अपने उद्गार व्यक्त किए तथा संस्था एवं ट्रस्ट को धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम के उद्देश्य की व्याख्या करते हुए बलिन बरदलै ने कहा कि इस संस्था का गठन 2013 में हुआ, उसी समय से स्वर्गीय अग्रवाला स्थानीय लोगों को निरोग रखने के लिए हमेशा स्वास्थ्य सेवा शिविर आयोजित करते रहे। इस मौके पर शंकरलाल गोयनका ने कहा कि संस्था के पूर्व अध्यक्ष स्व.अग्रवाला निरंतर मानव सेवा में अग्रणी भूमिका निभाते थे, जब से इस संस्था की नींव रखी गई तभी से वे स्वास्थ्य जांच व चिकित्सा शिविर के साथ अन्य कई तरह के समाज सेवा मूलक कार्यक्रम आयोजित करते रहे। उन्होंने कहा कि अब वे स्वर्ग के बहुत करीब हैं। हर व्यक्ति को अपने बुजुर्ग माता-पिता की सेवा करनी चाहिए,इससे बड़ी और कोई सेवा नहीं है। आज के समय में कुछेक लोग अपने अभिभावकों को आश्रम,आश्रय गृह में रख कर उनको भूल जातेेे हैं। इस मौके पर संस्था के कार्यकारी अध्यक्ष पराग पात्र, महासचिव इमरान अली के साथ संस्था के अन्य प्रतिनिधि सदस्य भी उपस्थित थे।