कोलकाता : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बंगाल दौरे के एक महीने के भीतर ही राज्य में भारतीय जनता पार्टी को एक और झटका लगा है। भाजपा के लोकसभा सांसद अर्जुन सिंह कोलकाता में पार्टी महासचिव अभिषेक  बनर्जी की मौजूदगी में टीएमसी में शामिल हो गए हैं। हाल ही में भाजपा सांसद ने राज्य नेतृत्व पर आरोप लगाया था कि संगठन में एक वरिष्ठ पद पर रहने के बावजूद उन्हें ठीक से काम नहीं करने दिया जा रहा है। भाजपा नेता ने शुक्रवार को राज्य नेतृत्व पर निशाना साधते हुए कहा था कि मैं हाल ही में पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा जी से मिला था। इस दौरान उन्हें बताया था कि राज्य में संगठन की स्थिति क्या है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य में समर्पित कार्यकर्ताओं को कार्य करने नहीं दिया जा रहा है, यहां तक कि मुझे भी एक वरिष्ठ पद पर रहने के बावजूद काम करने का मौका नहीं दिया जा रहा है। वहीं भाजपा सांसद अर्जुन सिंह ने एएनआई को दिए बयान में कहा, मैंने भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के सामने अपनी राय रखी है। उन्होंने कहा कि वह इस बारे में सोचेंगे। भाजपा नेता ने कहा, बंगाल और केरल में भाजपा नेतृत्व में कमियां हैं और यह पूरी पार्टी पर है कि वह उनसे कैसे निपटती है। एक सांसद होने के नाते, मैं व्यक्तिगत स्तर पर उन कमियों को नहीं देख सकता।