गुवाहाटी : एशियन कॉन्फ्लुएंस की पहल पर शनिवार को एशियाई नदी सम्मेलन-2022 का तीसरा संस्करण गुवाहाटी के रैडिसन ब्लू होटल में आयोजित किया जाएगा। इस सम्मेलन मेंं केंद्रीय वित्तमंत्री निर्मला सीतारमन, विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर, बांग्लादेश के विदेश मंत्री डॉ. एके अब्दुल मोमिन तथा थाइलैंड के विदेश मंत्री सहित कई दक्षिण पूर्व एशियाई देशों के विदेश मंत्री और विशेषज्ञ भी शामिल होंगे। एशियन कॉन्फ्लुएंस, जिसका मुख्यालय शिलांग में है, विदेश मंत्रालय, भारत सरकार, एक्ट ईस्ट पॉलिसी अफेयर्स डिपार्टमेंट, असम सरकार, नॉर्थ ईस्ट काउंसिल और अन्य भागीदारों के सहयोग से सम्मेलन का आयोजन कर रहा है। इसका उद्देश्य उत्तर पूर्व और असम पर ध्यान केंद्रित करते हुए बंगाल की खाड़ी क्षेत्र और दक्षिण-पूर्व एशिया के साथ क्षेत्रीय सहयोग के लिए एक सामूहिक दृष्टिकोण अपनाना है। बांग्लादेश फाउंडेशन फॉर रीजनल स्टडीज द्वारा प्रायोजित सम्मेलन को इंटरनेशनल यूनियन फॉर कंजर्वेशन ऑफ नेचर, आईआईटी, गुवाहाटी और गुवाहाटी विश्वविद्यालय द्वारा भी समर्थन दिया जाएगा। दो दिवसीय सम्मेलन का उद्घाटन मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा करेंगे। नदी-3 सम्मेलन में कई देशों के उच्चायुक्त और राजदूत, शीर्ष विशेषज्ञ, वैज्ञानिक और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी भाग लेंगे। सम्मेलन सुबह 9.30 बजे शुरू होगा। 29 मई को सम्मेलन के समापन समारोह में शामिल होंगी वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण। नदी शिखर सम्मेलन दक्षिणी हिमालय से गंगा तक, ब्रह्मपुत्र से मेकांग तक नदी घाटियों के आस-पास के क्षेत्रों में आम चुनौतियों को दूर करने के लिए राजनीतिक सीमाओं के पार निकट सहयोग की आवश्यकता पर चर्चा करेगा। इसका उद्देश्य पूर्वोत्तर भारत क्षेत्र को बंगाल की खाड़ी के तटीय क्षेत्र के साथ-साथ पड़ोसी देशों में ऊर्जा और जल सुरक्षा के लिए भारत की रणनीतिक पहल को आगे बढ़ाने में एक केंद्र बिंदु बनाना है। नदी-2022 सरकार, राजनयिक समुदाय, वैज्ञानिकों, कॉरपोरेट्स, नागरिक समाज और विविध नदी समुदायों जैसे सभी प्रमुख हितधारकों को एक साथ लाएगा। बैठक में सतत विकास के लिए नदी आधारित संसाधनों के संरक्षण और उपयोग पर विस्तार से चर्चा होगी नदी क्रमश: गंगा-ब्रह्मपुत्र-मेघना बेसिन में कनेक्टिविटी, संस्कृति, व्यापार, संरक्षण और सहयोग के सात सी पर केंद्रित है।