अहमदाबाद: गुजरात टाइटंस ने आईपीएल 2022 के फाइनल मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स के सामने 131 रन का टारगेट रखा है। टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने वाली राजस्थान की टीम 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 130 रन ही बना सकी। जोस बटलर ने सबसे ज्यादा 39 रन बनाए। गुजरात टाइटंस की ओर से कप्तान हार्दिक पांड्या ने 4 ओवर में 17 रन देकर तीन विकेट लिए। वहीं, आर. साई किशोर ने दो विकेट झटके। जवाब में 3 ओवर के बाद राजस्थान का स्कोर 11/1 है। शुभमन गिल और ऋद्धिमान साहा क्रीज पर हैं। गुजरात के कप्तान हार्दिक पांड्या ने राजस्थान के खिलाफ फाइनल मुकाबले में शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 17 रन देकर 3 विकेट अपने नाम किए। उन्होंने संजू सैमसन, जोस बटलर और शिमरन हेटमायर के विकेट अपने नाम किए। तीनों बल्लेबाज में एक भी खिलाड़ी अगर मैच में चल जाता तो गुजरात को परेशानी होती। पहले ही ओवर से हार्दिक की गेंदबाजी शानदार रही और उनकी गेंद पर कोई भी बल्लेबाज बड़ा शॉट नहीं खेल पाया। इस सीजन कमाल के फॉर्म में चल रहे जोस बटलर फाइनल मुकाबले में बड़ी पारी नहीं खेल पाए। उन्होंने 35 गेंद में 39 रन बना पाए। उनके बल्ले से 5 चौके निकले। हार्दिक मैच में शानदार गेंदबाजी कर रहे हैं। पहले उन्होंने संजू सैमसन को आउट किया फिर बटलर का विकेट भी उन्हीं के खाते में आया। बटलर को हार्दिक ने टेस्ट लेंथ वाली गेंद डाली जो ऑफ स्टंप के बाहर थी। बल्ले ने बाहरी किनारा लिया और ऋद्धिमान साहा ने विकेट के पीछे एक आसान कैच लपक लिया। गुजरात के लिए राशिद खान ने फाइनल मुकाबले में बहुत ही किफायती गेंदबाजी की और 4 ओवर में सिर्फ 18 रन दिए। उन्होंने पडिक्कल को 2 रन पर पवेलियन भेज दिया। राजस्थान के कप्तान संजू सैमसन एक बार फिर फ्लॉप रहे। उनके बल्ले से 11 गेंद में सिर्फ 14 रन निकले। उनका विकेट हार्दिक पांड्या ने लिया। पांड्या की ऑफ स्टंप से काफी बाहर जाती गेंद पर संजू बड़ा शॉट खेलना चाहते थे। गेंद ने बल्ले का ऊपरी किनारा लिया और बांउड्री लाइन पर साई किशोर ने सैमसन का शानदार कैच लपक लिया।
हार्दिक के कमाल से गुजरात ने राजस्थान को 130 रन पर रोका