कोलकाता : कोरोना वायरस संक्रमण के चलते दो वर्ष तक बंद रहने के बाद भारत और बांग्लादेश के बीच रविवार को रेल सेवा फिर से बहाल हो गई। इस दौरान कोलकाता स्टेशन से सुबह करीब 07.10 बजे पड़ोसी मुल्क के खुलना के लिए बंधन एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। पूर्व रेलवे के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच चलने वाली मैत्री एक्सप्रेस भी रविवार से शुरू हुई। बांग्लादेश की राजधानी ढाका से मैत्री एक्सप्रेस को कोलकाता के लिए रवाना किया गया। पूर्व रेलवे के प्रवक्ता एकलव्य चक्रवर्ती ने कहा, भारत और बांग्लादेश के बीच यात्री रेल सेवा दो वर्ष पहले कोरोना वायरस संक्रमण के चलते बंद कर दी गई थी। यह सेवा सुबह 07.10 बजे कोलकाता स्टेशन से बंधन एक्सप्रेस के रवाना होने के साथ ही बहाल हो गई। कोलकाता से खुलना के बीच बंधन एक्सप्रेस सप्ताह में दो दिन चलती है। वहीं, कोलकाता से बांग्लादेश की राजधानी ढाका के लिए मैत्री एक्सप्रेस पांच दिन संचालित होगी। चक्रवर्ती ने बताया कि सीमा के दोनों तरफ के लोग ट्रेन सेवा के बहाल होने से काफी खुश हैं और अगले कुछ दिनों के लिए सभी सीटें आरक्षित हो गई हैं। उन्होंने कहा, रेल यात्रा ज्यादा सुविधाजनक और यात्रा की  अवधि भी ठीक होने के कारण लोग बस या हवाई यात्रा के मुकाबले ट्रेन को ज्यादा तरजीह देते हैं। दोनों ट्रेन की क्षमता लगभग 450 यात्रियों की है और इनमें एसी चेयरकार के अलावा एक्जिक्यूटिव श्रेणी की सीटें भी मौजूद हैं। चक्रवर्ती ने बताया कि बंगाल के रास्ते भारत और बांग्लादेश के बीच रेल संपर्क को एक जून से और मजबूती मिलेगी, क्योंकि उस दिन मिताली एक्सप्रेस का उद्घाटन किया जाएगा। यह ट्रेन उत्तर बंगाल के न्यू जलपाईगुड़ी से ढाका तक जाएगी।