गुवाहाटी : असम राज्य चुनाव आयोग ने वृहस्पतिवार को पश्चिम कार्बी आंगलांग जिले के दुआर अमला परिषद निर्वाचन क्षेत्र के दो मतदान केंद्रों पर पुनर्मतदान की घोषणा की। पुनर्मतदान 10 जून को मतदान केंद्र संख्या 16 और 17 पर होगा जहां हिंसा ने बाधित किया था। मतदान प्रक्रिया बुधवार को हुई। इन दोनों मतदान केंद्रों पर उस समय हिंसा भडक़ उठी, जब गुस्साई भीड़ ने मतदान अधिकारियों पर गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए मतपेटियों को नष्ट कर दिया। वहां तैनात सुरक्षा कर्मियों को भीड़ को तितर-बितर करने के लिए खाली फायरिंग का सहारा लेना    पड़ा। उल्लेखनीय है कि सत्तारूढ़ भाजपा ने सभी 26 सीटों पर चुनाव लड़ा, जबकि कांग्रेस ने 24 सीटों पर चुनाव लड़ा। आम आदमी पार्टी (आप) ने भी 10 और सीपीआई (एमएल) ने 15 सीटों पर चुनाव लड़ा। राज्य चुनाव आयोग के अनुसार कुल 77.96 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।