गुवाहाटी : गौहाटी विश्वविद्यालय ने सभी स्नातकोत्तर परीक्षाओं को 20 जून तक के लिए स्थगित कर दिया है। विश्वविद्यालय के अधिकारियों के साथ स्नातकोत्तर छात्र संघ के प्रतिनिधिमंडल की चर्चा के बाद यह निर्णय लिया गया। उल्लेखनीय है कि विश्वविद्यालय परिसर में वर्तमान में कई इलाके बाढ़ के चपेट में है। कृत्रिम बाढ़ के कारण छात्रावासों में पीने और अन्य उद्देश्यों के लिए पानी का अभाव हो रहा है। विश्वविद्यालय के कुलपति ने इन मुद्दों पर गुवाहाटी विश्वविद्यालय के स्नातकोत्तर छात्रों के साथ चर्चा की। इसी बैठक में 20 जून तक परीक्षा स्थगित करने का निर्णय लिया गया। हालांकि 20 जून के बाद की परीक्षाएं पूर्व निर्धारित समय पर ही आयोजित होंगी। विश्वविद्यालय के अधिकारियों ने पीने के पानी की समस्याओं और बाढ़ के कारण होने वाली अन्य समस्याओं को हल करने का भी वादा किया।