शिवसागर : विवाहेत्तर अवैध संबंध, ब्लैकमेलिंग, एक फेसबुक पोस्ट और एक हंसते खेलते परिवार का दुखद अंत। शिवसागर जिले के डिमौ के निताईपुखरी में वृहस्पतिवार को हुए एक दर्दनाक हादसे से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। यह सनसनीखेज घटना है जिले के निताईपुखरी हांहपोरा चूक की। जहां साढ़े चार साल की इकलौती बेटी सहित एक दम्पत्ति द्वारा लगातार हो रही बारिश से बढ़े जलस्तर से उफन रही डिमौ नदी में कूदकर आत्महत्या करने की जानकारी मिली है। निताईपुखरी हांहपोरा चूक निवासी तथा पेशे से स्कूल के सहायक शिक्षक कल्याण गोगोई नामक युवक ने वृहस्पतिवार सुबह लगभग आठ बजे डिब्रूगढ़ जिले के मोरान थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले निताईपुखरी के धेमेसी केकोनी चूक नामक स्थान पर स्कुटी पर सवार अपनी पत्नी दीपा गोगोई और इकलौती बेटी प्रियदर्शिनी गोगोई के साथ ही डिमौ नदी में छलांग लगा दी। कल्याण गोगोई निताईपुखरी स्थित एक निजी स्कूल में सहायक शिक्षक थे। विवाहेत्तर नाजायज संबंधों ने एक हंसते खेलते परिवार को उजाड़ दिया। सुनियोजित तरीके से ब्लैकमेलिंग का शिकार हुए शिक्षक के पेशे से जुड़े युवक को मजबूर होकर पत्नी और नन्ही बेटी सहित आत्महत्या का रास्ता अख्तियार करना पड़ा। कल्याण गोगोई ने वृहस्पतिवार को सुबह 7.39 बजे फेसबुक पर पोस्ट डाली थी। फेसबुक पर डाली गई पोस्ट में कल्याण गोगोई ने स्पष्ट शब्दों में कहा था कि निताईपुखरी के नाउजान गांव निवासी जितु तपन चेतिया और उसकी पत्नी डिम्पी चेतिया के लिए हम तीनों लोग मैं, मेरी पत्नी और मेरी बेटी सुसाइड करने के लिए मजबूर हुए हैं। वे दोनों पति पत्नी मुझे ब्लैकमेल कर रहे हैं। डिम्पी चेतिया के साथ मेरे लंबे समय से संबंध थे। वह मुझे रोजाना रात को अपने पास बुलाती थी और मेरे साथ शारीरिक संबंध बनाती थी। कल रात भी उसने मुझे बुलाया था और मेरे साथ शारीरिक संबंध बनाने के बाद अपने पति के साथ मिलकर मुझसे नकद दस लाख रुपए की मोटी रकम मांगी थी। इसके बाद ही उसने मुझे रात को फोन पर पुलिस थाने में मुझ पर ब्लैकमेल करने का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज करवाने की धमकी दी थी। उसकी मेडिकल जांच करने पर सब साफ हो जाएगा। उसे छोडऩा मत। उसने हमारी जिंदगी बर्बाद कर दी। सोशल मीडिया पर अपने फेसबुक एकाउंट से उपरोक्त सनसनीखेज पोस्ट डालने के कुछ समय बाद ही घर से पत्नी और बेटी के साथ स्कुटी पर सवार होकर निकले कल्याण गोगोई ने अपने घर से लगभग तीन किलोमीटर की दूरी पर शिवसागर और डिब्रूगढ़ जिले के सीमांतवर्ती अंचल केकोनी चूक नामक स्थान से स्कुटी पर सवार पत्नी और बेटी के साथ डिमौ नदी में छलांग लगा दी। इधर इस घटना के समाचार से पूरे इलाके में हडक़ंप मच गया। घटनास्थल डिमौ नदी तट पर पड़ा कल्याण गोगोई का मोबाइल फोन बरामद किया गया है। इस घटना की सूचना मिलते ही मौके पर मोरान, डिमौ और निताईपुखरी पुलिस की टीम सहित शिवसागर और डिब्रूगढ़ जिले से एसडीआरएफ की टीमें भी पहुंच गई। एसडीआरएफ की टीमों द्वारा डिमौ नदी में इस तीन सदस्यीय परिवार की तलाश में अभियान जारी है। इधर बचाव अभियान में लगी एसडीआरएफ की टीम ने नदी से कल्याण गोगोई की एएस 04-जी- 7596 नंबर की काले रंग की होंडा स्कुटी बरामद की है। हालांकि गोगोई परिवार के तीन में से किसी एक भी सदस्य की बरामदगी में सफलता नहीं मिली है। इस बीच कल्याण गोगोई द्वारा नदी में कूदने से पहले फेसबुक पर डाली गई पोस्ट के आधार पर स्थानीय निताईपुखरी पुलिस ने नाउजान निवासी जितु तपन चेतिया और उसकी पत्नी डिम्पी चेतिया को हिरासत में लिया है। दोनों से निताईपुखरी पुलिस चौकी में पूछताछ की जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार विवाहित कल्याण गोगोई ने पराई स्त्री के साथ अपने अवैध प्रेम संबंधों का आखिरकार खुलासा होने के भय और शर्म से अपनी निरपराध पत्नी और अबोध बेटी को भी मौत के मुंह में धकेल दिया।