धुबड़ी : दशकों के लंबे इंतजार के बाद धुबड़ी-कोलकाता के बीच सीधी रेल सेवा अति शीघ्र बहाल कर दी जाएगी। साथ ही सब कुछ ठीक-ठाक रहा तो राजधानी एक्सप्रेस को भी हफ्ते में तय अंतराल पर धुबड़ी रुट के रास्ते चलाया जा सकता है। इस बात की जानकारी धुबड़ी जिला रेलवे विकास समिति के सदस्यों ने मालीगांव स्थित पूर्वोत्तर सीमा रेलवे के महाप्रबंधक के हवाले से पूर्वांचल प्रहरी को आज यहां दी गई। मालूम हो कि धुबड़ी में रेलवे के विकास को लेकर समिति के एक प्रतिनिधिमंडल ने गुवाहाटी-मालिगांव स्थित उत्तर पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक से मुलाकात की तथा एक ज्ञापन भी सौंपा। ज्ञापन के जरिए राज्यरानी एक्सप्रेस को  सप्ताह में सातों दिन चलाने, कोलकाता के लिए सीधी रेल सेवा की बहाली करने, लंबी दूरी की ट्रेनों को इस मार्ग पर नियमित चलाने,धुबड़ी रेलवे स्टेशन को बड़े स्तर पर विकसित करने आदि जैसी मांगे रखी गई तथा रेलवे प्रबंधन से इस दिशा में गुहार लगाई गई। इस अवसर पर रेलवे विकास समिति के जोयनाल आबेदीन, सुचिब्रत सिन्हा चौधरी, विश्वजीत कलिता,हसन अली, उत्तम प्रसाद के अलावा भी अन्य सदस्य उपस्थित थे। सुचिब्रत चौधरी ने इस बात की जानकारी देते हुए आज यहां बताया कि राज्यसभा सांसद पवित्र मार्घेरिटा का धुबड़ी के विकास को लेकर भरपूर सहयोग मिल रहा है। सुचिब्रत ने बताया कि उत्तर पूर्व सीमांत रेलवे के महाप्रबंधक महोदय ने हमें जानकारी दी कि रेल विभाग धुबड़ी जिले में रेलवे के विकास को लेकर पूरी तरह तत्पर है तथा आगामी एक महीने के अंदर धुबड़ी से कोलकाता सीधी रेल सेवा की बहाली हो सकती है तथा  रेलवे प्रशासन धुबड़ी रेल स्टेशन को और भी बड़े पैमाने पर विकसित करने व यहां ट्रेनों की धुलाई व सर्विसींग की समुचित व्यवस्था विकसित करने में जुटा है,ताकि अतिशीघ्र यहां से लंबी दूरी की ट्रैनों की बहाली हो सके। बताया जा रहा है कि एक महीने में यहां यह व्यवस्था विकसित हो जाएगी। इधर मिली जानकारी के अनुसार रेल प्रशासन न्यू मैनागुड़ी-योगीघोपा के रुट पर गौरीपुर के रास्ते राजधानी एक्सप्रेस के चलाचल पर भी गौर कर रहा है। बीएसएफ,सेना, सीआरपीएफ की बड़े पैमाने पर मौजुदगी व जिले के व्यापक क्षेत्र व आबादी को ध्यान में रखकर यहां राजधानी का स्टापेज भी हो सकता है, वहीं जल्द ही धुबड़ी-गुवाहाटी के बीच राजरानी एक्सप्रेस भी हफ्ते में छ: दिन कर दिए जाने की सूचना है।