नई दिल्ली : पैगंबर मोहम्मद पर आपत्तिजनक टिप्पणी कर विवादों में आईं भाजपा की पूर्व प्रवक्ता नूपुर शर्मा ने एक बार फिर राहत के लिए सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। नूपुर ने मांग की है कि कोर्ट उनके खिलाफ दर्ज मामलों में गिरफ्तारी पर रोक लगाए। नुपुर ने कोर्ट से अपील की है कि कोर्ट देशभर में उनके खिलाफ दर्ज केसों पर एक साथ सुनवाई के लिए निर्देश जारी करे। गौरतलब है कि भाजपा की प्रवक्ता रहते हुए नुपुर शर्मा ने मई महीने में पैगंबर मोहम्मद पर विवादास्पद बयान दिया था। इससे बाद पूरे देश में बवाल खड़ा हो गया था। नुपुर के बयान के खिलाफ तीन जून को कानपुर में जुमे की नमाज के बाद हिंसा हुई। 10 जून को प्रयागराज, रांची, सहारनपुर, हाथरस समेत देश के कई शहरों में नुपुर के बयान के खिलाफ जुमे की नमाज के बाद हिंसा और उपद्रव हुआ। इसके अलावा 21 जून को महाराष्ट्र के अमरावती और 29 जून को राजस्थान के उदयपुर में नुपुर शर्मा के समर्थन में पोस्ट करने वाले दो लोगों की निर्मम हत्या कर दी गई थी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, नुपुर शर्मा के खिलाफ एक दर्जन से ज्यादा एफआईआर दर्ज हैं। उन पर सबसे ज्यादा पश्चिम बंगाल में मुकदमे हैं।
नूपुर शर्मा ने फिर खटखटाया सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा