कोलकाता, गुवाहाटी : तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अभिषेक बनर्जी ने बृहस्पतिवार को कहा कि उनकी पार्टी आगामी उपराष्ट्रपति चुनाव से दूर रहेगी। उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस उसे जानकारी दिए बिना विपक्षी उम्मीदवार का फैसला करने के तरीके से सहमत नहीं है। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने पश्चिम बंगाल के पूर्व राज्यपाल जगदीप धनखड़ को उपराष्ट्रपति पद के चुनाव में अपना उम्मीदवार बनाया है। विपक्षी दलों ने रविवार को राजस्थान की पूर्व राज्यपाल मार्गरेट अल्वा को अपना संयुक्त उम्मीदवार बनाने का फैसला किया था। तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव बनर्जी ने कहा कि राजग उम्मीदवार विशेषकर जगदीप धनखड़ को समर्थन देने का सवाल ही नहीं उठता। लेकिन पार्टी सांसदों के साथ आज की बैठक के बाद यह तय किया गया है कि हम उपराष्ट्रपति चुनाव से दूर रहेंगे। उन्होंने कहा कि हम तृणमूल कांग्रेस को विश्वास में लिये बिना विपक्षी उम्मीदवार की घोषणा करने की प्रक्रिया से असहमत हैं। हमसे न तो कोई सलाह ली गई और न ही हमसे किसी बात पर चर्चा की गई। इसलिए हम विपक्ष के उम्मीदवार का समर्थन नहीं कर सकते। दूसरी ओर जानकारों का कहना है कि पिछले दिनों दार्जिलिंग में पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्वशर्मा के बीच बैठक हुई थी। इस बैठक में संभवत: उपराष्ट्रपति चुनाव को लेकर रणनीति बनी थी और उसी रणनीति के तहत टीएमसी ने चुनाव में भाग न लेने और एमडीए उम्मीदवार को जिताने के लिए मतदान से खुद को दूर रखने का फैसला लिया है।
ममता और हिमंत की बैठक का नतीजा टीएमसी उपराष्ट्रपति चुनाव से रहेगी दूर