गुवाहाटी : 68वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों की जूरी ने शुक्रवार को वर्ष 2020 के विजेताओं की घोषणा की। घोषणा से पहले अध्यक्ष और अन्य जूरी सदस्यों ने केंद्रीय सूचना और प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर से मुलाकात की और उन्हें पुरस्कारों के लिए चयन प्रदान किया। इस वर्ष 30 भाषाओं में 305 फीचर फिल्में प्रविष्टि के रूप में थीं। गैर-फीचर फिल्म श्रेणी में 28 भाषाओं में 148 फिल्मों को प्रविष्टि के रूप में प्राप्त हुई थी। गौरतलब है कि संविधान की आठवीं अनुसूची में निर्दिष्ट भाषाओं को छोडक़र अन्य 15 भाषाओं में फिल्में प्रविष्टियों के रूप में प्राप्त हुईं। असमिया अभिनेत्री और निर्देशक आईमी बरुवा की फिल्म सेमखोर ने सर्वश्रेष्ठ डिमासा फिल्म का पुरस्कार प्राप्त किया। सेमखोर की निदेशक आईमी बरुवा ने विशेष उल्लेखनीय अवार्ड प्राप्त किया। नवोदित निर्देशक कृपाल कलिता की फिल्म ब्रिज ने फीचर फिल्म श्रेणी में सर्वश्रेष्ठ असमिया फिल्म का पुरस्कार जीता।