नई दिल्ली : भारोत्तोलक जेरेमी लालरिननुंगा को स्वर्ण पदक जीतने पर राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने बधाई दी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बर्मिंघम में चल रहे राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीतने के लिए जेरेमी को बधाई देते हुए कहा कि राष्ट्रमंडल खेलों में भारोत्तोलन का स्वर्ण पदक जीतने के लिए जेरेमी लालरिननुंगा को बधाई। स्पर्धा के दौरान चोट के बावजूद अपने आत्मविश्वास के कारण आप इतिहास रच पाए और करोड़ों लोगों को आपने प्रेरित किया। पोडियम पर आपके जगह बनाने से भारतीय गौरवांवित हुए।  दूसरी ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि बेहद कम उम्र में उन्होंने देश को गौरवांवित किया है। उन्नीस साल के जेरेमी ने खेलों के दो नए रिकॉर्ड के साथ बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में भारत के लिए दूसरा स्वर्ण पदक जीता। मोदी ने ट्वीट किया कि हमारी युवा शक्ति इतिहास रच रही है! जेरेमी को बधाई जिन्होंने अपने पहले ही राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीता और राष्ट्रमंडल खेलों में शानदार रिकॉर्ड बनाया। उन्होंने कहा कि इतनी कम उम्र में उन्होंने देश को गौरवांवित किया। भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए उन्हें शुभकामनाएं। युवा ओलंपिक 2018 चैंपियन जेरेमी ने पुरुष 67 किग्रा वर्ग में दो नए रिकॉर्ड के साथ दबदबा बनाते हुए कुल 300 किग्रा (140 किग्रा और 160 किग्रा) वजन उठाया। उन्होंने समोआ के वेइपावा नीवो इयोन 293 किग्रा (127 किग्रा और 166 किग्रा) और नाइजीरिया के इडिडियोंग जोसेफ उमोआफिया 290 किग्रा (130 किग्रा और 160 किग्रा) को पछाड़ा जिन्हें क्रमशः रजत और कांस्य पदक मिला। आइजोल के 19 साल के जेरेमी ने खेलों का स्नैच (140 किग्रा) और कुल भार (300 किग्रा) का रिकॉर्ड अपने नाम किया।  शनिवार को मीराबाई चानू ने 49 किग्रा वर्ग में स्वर्ण पदक के साथ उम्मीद के मुताबिक 2018 गोल्ड कोस्ट राष्ट्रमंडल खेलों में जीतने अपने खिताब का सफलतापूर्वक बचाव किया था।